Raipur News: रायपुर में खुलेंगे 7 नए रजिस्ट्री कार्यालय, अब 14 जगह होगी जमीन की रजिस्ट्री

Raipur News: टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंति विहार, बीरगांव-सिलतरा समेत आउटर इलाकों में नए केंद्र खोले जाएंगे. इससे आउटर इलाकों के लोगों को अपने नजदीक ही रजिस्ट्री की सुविधा मिल सकेगी.
Raipur

रायपुर

Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है. रायपुर में जमीन की रजिस्ट्री कराने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है. अब जमीन, मकान या प्लॉट की रजिस्ट्री कराने के लिए कलेक्टोरेट के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे. शासन ने लोगों की बढ़ती परेशानी और भीड़ को देखते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में नए रजिस्ट्री कार्यालय खोलने का फैसला लिया है. बता दें कि, शहर में 7 नए रजिस्ट्री कार्यालय खोले जाने की तैयारी है. इसके बाद शहर में कुल 14 जगहों पर जमीन रजिस्ट्री की सुविधा मिलेगी.

मुख्य कार्यालय की भीड़ होगी कम

मिली जानकारी के अनुसार रोजाना करीब 400 जमीनों की रजिस्ट्री हो रही है. इससे मुख्य रजिस्ट्री कार्यालय में भारी भीड़ रहती है. नए केंद्र खुलने से मुख्य कार्यालय की भीड़ कम होगी और लोगों को लंबी दूरी तय करने से राहत मिलेगी. नए केंद्रों के लिए आउटर इलाकों में भवन तलाशने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. अभी की स्थिति को देखें तो, बुजुर्ग, महिलाएं और दूर-दराज से आने वाले लोगों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है. कई बार बैठने की जगह भी नहीं मिल पाती, जिससे गर्मी और बारिश में परेशानी बढ़ जाती है. नए कार्यालय खुलने से यह समस्या कम होगी.

आउटर इलाकों में नए केंद्र खोले जाएंगे

बताते चलें कि, टाटीबंध-हीरापुर, अमलीडीह-अवंति विहार, बीरगांव-सिलतरा समेत आउटर इलाकों में नए केंद्र खोले जाएंगे. इससे आउटर इलाकों के लोगों को अपने नजदीक ही रजिस्ट्री की सुविधा मिल सकेगी. गौरतलब है कि, नए केंद्रों में आधुनिक डिजिटल सुविधाएं मिलेंगी. ऑनलाइन प्रक्रिया से रजिस्ट्री का काम और आसान होगा. इससे बिचौलियों पर भी लगाम लगेगी और पारदर्शिता बढ़ेगी. वहीं, लोगों को रजिस्ट्री के लिए घंटों लाइन में नहीं लगना पड़ेगा. प्रशासन का मानना है कि रजिस्ट्री कार्यालयों की संख्या बढ़ाना जरूरी हो गया था.

एमपी में नई ‘विद्वान जनता पार्टी’ का ऐलान, मंत्री के चैलेंज के बाद चुनावी मैदान में उतरेंगे शिक्षक, जानें मामला

ज़रूर पढ़ें