BJP के वरिष्ठ नेता नंदकुमार साय चोटिल, फिसलकर गिरने से पैर में आई चोट, CM साय हेलीकॉप्टर से लाए रायपुर
नंदकुमार साय
CM Sai Brings Him Raipur: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. जहां, पूर्व सांसद नंदकुमार साय के चोटिल होने की जानकारी सामने आ रही है. दो दिन पहले फिसलकर गिरने से उनके पैर में चोट आई थी. इसके बाद से उन्हें चलने-फिरने में परेशानी हो रही थी.
सीएम साय ने ली सुध
मामले की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद उनकी सुध लेने पहुंचे. मुख्यमंत्री ने रात में नंदकुमार साय के निवास पहुंचकर उनका हालचाल जाना और बेहतर इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिए. इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय उन्हें अपने साथ हेलीकॉप्टर से रायपुर लेकर आए. रायपुर पहुंचने पर नंदकुमार साय को बेहतर इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बालाजी अस्पताल में भर्ती हैं नंदकुमार साय
जानकारी के मुताबिक, नंदकुमार साय को बेहतर इलाज के लिए बालाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. यहां डॉक्टरों की टीम उनकी जांच कर रही है और पैर की चोट का उपचार किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि फिसलकर गिरने के बाद से पूर्व सांसद नंदकुमार साय को पैर में दर्द और चलने में दिक्कत हो रही थी. प्राथमिक उपचार के बाद भी आराम नहीं मिलने पर उन्हें रायपुर लाने का फैसला किया गया.
कौन हैं नंदकुमार साय
बता दें, नंदकुमार साय छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ आदिवासी नेता माने जाते हैं. वे, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े हैं और पहले लोकसभा, राज्यसभा और राज्य विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं. साल 2017 में उन्होंने राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST) के अध्यक्ष का पद संभाला. यह भी बता दें कि, वे मई 2023 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए थे और बाद में 2024 में भाजपा में वापस लौट आए.



