वेदांता पावर प्लांट हादसे की सांसद कमलेश जांगड़े ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग, केंद्र के तीन मंत्रियों को लिखा पत्र
सांसद कमलेश जांगड़े ने वेदांता पावर प्लांट हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग की
Vedanta Power Plant: सक्ती जिले के वेदांता पावर प्लांट में हुए दर्दनाक हादसे में मौत का आंकड़ा 23 पहुंच चुका है. इस हादसे की उच्च स्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है. जांजगीर-चांपा सांसद कमलेश जांगड़े ने हाई लेवल जांच की मांग की है. सांसद ने केंद्र सरकार के तीन मंत्रियों को पत्र लिखा है.
इन मंत्रियों को पत्र लिखा
14 अप्रैल 2026 को ग्राम सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से दर्दनाक हादसा हो गया था. जांजगीर-चांपा से सांसद कमलेस जांगड़े ने उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर और कॉमर्स एवं इंडस्ट्री मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखा है.
सांसद ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसे हादसे रोकने के लिए सख्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने पर जोर देना चाहिए. निष्पक्ष जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित करने की मांग की.
अनिल अग्रवाल समेत 10 पर FIR
कंपनी के चेयरमैन अनिल अग्रवाल समेत 10 लोगों पर FIR दर्ज की गई. पुलिस अधीक्षक ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल के नेतृत्व में टीम का गठन किया है, जो मामले की जांच करेगी. सीएम विष्णुदेव साय ने सख्त से सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.
ये भी पढ़ें: राजनांदगांव में साईं एप के सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, मास्टरमांइड नागपुर से गिरफ्तार, 10 हजार में बेचता था आईडी
नवीन जिंदल ने उठाए सवाल
उद्योगपति नवीन जिंदल ने अनिल अग्रवाल पर की गई FIR को लेकर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि जब किसी सरकारी क्षेत्र की कंपनी या रेलवे में हादसा होता है और उसके चेयरमैन पर FIR दर्ज नहीं होती थी. इस मामले में क्यों चेयरमैन पर FIR दर्ज की गई. जिंदल ने कहा कि पहले हादसे की जांच होनी चाहिए, इसके बाद केस दर्ज किया जाना चाहिए.