‘हनुमान अंश’ के सिंगर सुनील लोधी देख सकेंगे दुनिया! फिल्म प्रोड्यूसर कराएंगी आंखों का इलाज

Sunil Lodhi Eyes Treatment: सुनील लोधी बचपन से ही आंखों की रोशनी से वंचित हैं. इसके बावजूद उनकी आवाज और भक्ति से भरे अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया. अब उनके प्रशंसकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है.
Singer Sunil Lodhi, a devotee of Hanuman

हनुमान अंश सिंगर सुनील लोधी

Sunil Lodhi Eyes Treatment: बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करने वाली फिल्म ‘हनुमान अंश’ के गाने भी दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हुए हैं. फिल्म का भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. इस भजन को बुंदेलखंड के रहने वाले गायक सुनील लोधी ने अपनी आवाज दी है. गाने की लोकप्रियता के साथ ही सुनील लोधी भी लोगों के बीच चर्चा में आ गए हैं.

सुनील लोधी बचपन से ही आंखों की रोशनी से वंचित हैं. इसके बावजूद उनकी आवाज और भक्ति से भरे अंदाज ने लोगों का दिल जीत लिया. अब उनके प्रशंसकों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है. फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने सुनील की आंखों के इलाज में मदद करने का वादा किया है.

ट्रेनों में गाना गाते थे सुनील

सिद्धार्थ कन्नन के साथ बातचीत में अनुप्रिया नागर ने बताया कि सुनील लोधी पहले ट्रेनों में गाना गाया करते थे. उन्होंने सुनील की आवाज की तारीफ करते हुए कहा कि उनमें एक अलग तरह की प्रतिभा है. अनुप्रिया के मुताबिक, ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान…’ गाने में ज्यादा संगीत का इस्तेमाल नहीं किया गया, इसके बावजूद सुनील की आवाज में भक्ति का भाव साफ महसूस होता है.

सफलता का श्रेय हनुमान जी को देते हैं

अनुप्रिया ने बताया कि जब उन्होंने सुनील से कहा कि वह इंटरनेट सेंसेशन बन गए हैं, तो उन्होंने इसका श्रेय खुद को देने के बजाय हनुमान जी की कृपा बताया. सुनील का कहना था कि उनकी जिंदगी में जो कुछ भी हो रहा है, वह हनुमान जी की कृपा से हो रहा है.

मुश्किलों के बावजूद नहीं खोया हौसला

अनुप्रिया ने बताया कि सुनील ने अपनी आंखों की रोशनी न होने को लेकर कभी निराशा को खुद पर हावी नहीं होने दिया. उन्होंने कहा कि सुनील बचपन से ही इस स्थिति का सामना कर रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद उनकी भक्ति और सकारात्मक सोच लोगों को प्रेरित करती है.

मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी हुई मुलाकात

अनुप्रिया ने बताया कि सुनील हाल ही में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव से भी मिले थे. उनके मुताबिक, मुख्यमंत्री ने भी सुनील की आंखों के इलाज के लिए मेडिकल मदद की बात कही थी. अनुप्रिया ने कहा कि उन्होंने खुद भी सुनील से उनके इलाज के लिए मदद करने का वादा किया है.

मुंबई लौटते ही डॉक्टर से होगी मुलाकात

जब अनुप्रिया से पूछा गया कि क्या सुनील को आंखों के विशेषज्ञ डॉक्टर को दिखाया गया है, तो उन्होंने बताया कि डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लिया जा चुका है. सुनील के मुंबई लौटने के बाद उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया जाएगा.

‘लोगों का प्यार अपनी आंखों से देखें सुनील’

अनुप्रिया ने कहा कि सुनील लोगों का प्यार महसूस तो कर सकते हैं, लेकिन उसे अपनी आंखों से देख नहीं सकते. उन्होंने उम्मीद जताई कि इलाज के बाद सुनील दुनिया को अपनी आंखों से देख सकेंगे और उन लोगों का प्यार भी देख पाएंगे, जिन्होंने उनकी आवाज और भक्ति को इतना पसंद किया है.

ये भी पढे़ं- ‘हनुमान अंश’ के ब्लाइंड सिंगर सुनील की सीएम मोहन से मुलाकात, अब सरकार देने जा रही बड़ा ईनाम

ज़रूर पढ़ें