अमरनाथ यात्रा पर खराब मौसम के चलते अस्थायी रोक, 19 जुलाई से पहलगाम और बालटाल मार्ग बंद

Amarnath Yatra: बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों को 19 जुलाई से बंद कर दिया गया है. निर्णय लिया गया है कि बेस कैंप से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. समीक्षा के बाद दोबारा यात्रा को शुरू किया जाएगा.
Amarnath Yatra 2026

अमरनाथ यात्रा 2026

Amarnath Yatra: अमरनाथ यात्रा पर अस्थायी तौर से रोक लगा दी गई है. प्रशासन ने ये फैसला मौसम विभाग के पूर्वानुमान के बाद लिया है. बालटाल और पहलगाम दोनों मार्गों को 19 जुलाई से बंद कर दिया गया है. निर्णय लिया गया है कि बेस कैंप से किसी भी श्रद्धालु को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी. समीक्षा के बाद दोबारा यात्रा को शुरू किया जाएगा.

‘किसी को आगे जाने की इजाजत नहीं’

जम्मू कश्मीर सरकार की ओर से ये स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि खराब मौसम में किसी को आगे जाने की इजाजत नहीं दी जाएगी. इंफोर्मेशन और पब्लिक रिलेशन विभाग की ओर से साझा की गई जानकारी में कहा गया है कि IMD की खराब मौसम की भविष्यवाणी के बाद एहतियात के तौर पर 19 जुलाई 2026 से पहलगाम और बालटाल दोनों रास्तों से अमरनाथ यात्रा को कुछ समय के लिए रोक दिया गया है

19 जुलाई से बालटाल और नुनवान या चंदनवाड़ी बेस कैंप से तीर्थयात्रियों को आगे जाने की इजाजत नहीं होगी. कश्मीर के डिविजनल कमिश्नर अंशुल गर्ग ने कहा कि मौसम के हालात और रास्ते की सुरक्षा का पूरी तरह से जायजा लेने के बाद ही यात्रा फिर से शुरू की जाएगी.

ये भी पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में बढ़ा पुलिस की जांच का दायरा! रडार पर ट्रस्ट के 50 कर्मचारी और जमीन सौदे

भारी बारिश की चेतावनी जारी

मौसम विभाग ने राजधानी श्रीनगर समेत पूरे कश्मीर रीजन में 19 से 23 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है. पूर्वानुमान के अनुसार जम्मू रीजन के रियासी और उधमपुर जिलों में रिकॉर्डतोड़ बारिश हो सकती है. इसके साथ ही पीर पंजाल, गुलमर्ग, पहलगाम और जोजिला जैसे पहाड़ी इलाकों में लैंड स्लाइड और फ्लैश फ्लड आ सकती है. अब तक 3.7 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं. यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी.

ज़रूर पढ़ें