CBI की कार्रवाई: रिश्वतखोरी के आरोप में ऑफिस सुपरिंटेंडेंट गिरफ्तार, DRM पर लगे गंभीर आरोप

रेलवे के डीआरएम कार्यालय में सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए ऑफिस सुपरिंटेंडेंट उमा शंकर पांडे को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है.
cbi-action-malda-drm-office-superintendent-uma-shankar-pandey-arrested-bribery

रेलवे के डीआरएम कार्यालय में सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए ऑफिस सुपरिंटेंडेंट उमा शंकर पांडे को रिश्वतखोरी के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी रेलवे में क्लर्क के पद पर कार्यरत था और उसे ऑफिस सुपरिंटेंडेंट का प्रभार भी मिला हुआ था. सीबीआई को संदेह है कि वह रेलवे में नौकरी दिलाने, तबादला कराने और पदोन्नति जैसे कामों के नाम पर लोगों से मोटी रकम वसूल रहा था.

जानकारी के अनुसार, कोलकाता से मालदा  पहुंची सीबीआई की टीम ने मालदा के इंग्लिश बाजार स्थित झालझलिया रेलवे परिसर में डीआरएम कार्यालय में कार्रवाई शुरू की. टीम ने शाम करीब 7 बजे उमा शंकर पांडे से पूछताछ शुरू की, जो लगभग छह घंटे तक चली. इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब 1 बजे उसे गिरफ्तार कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को आगे की कार्रवाई के लिए कोलकाता ले जाया गया.

जांच एजेंसी को आशंका है कि आरोपी नौकरी दिलाने, मनचाही पोस्टिंग, तबादले और पदोन्नति कराने के नाम पर कथित तौर पर रिश्वत लेता था. सीबीआई इस बात की भी जांच कर रही है कि इस कथित भ्रष्टाचार के नेटवर्क में रेलवे के अन्य कर्मचारी या अधिकारी भी शामिल हैं या नहीं.

रेलवे क्वार्टर को किया सील

कार्रवाई के बाद सीबीआई ने मालदा रेलवे कॉलोनी स्थित आरोपी के क्वार्टर को सील कर दिया है. बताया गया है कि उमा शंकर पांडे वहां अकेले रहता था. जांच एजेंसी को संदेह है कि क्वार्टर में कथित रिश्वतखोरी और नौकरी दिलाने के मामले से जुड़े अहम साक्ष्य मिल सकते हैं. सीबीआई की टीम जल्द ही क्वार्टर की तलाशी लेने पहुंच सकती है.

भाजपा नेता ने डीआरएम पर लगाए आरोप

इस कार्रवाई के बाद भाजपा के दक्षिण मालदा संगठनात्मक जिला अध्यक्ष अजय गांगुली ने डीआरएम कार्यालय की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यालय में लंबे समय से अनियमित गतिविधियां चल रही थीं और इस संबंध में रेलवे मंत्रालय को भी शिकायत की गई थी. उन्होंने डीआरएम के तबादले की मांग किए जाने की बात भी कही. वहीं, मालदा के डीआरएम मनीष कुमार गुप्ता ने सीबीआई की कार्रवाई और भाजपा नेता के आरोपों पर कोई टिप्पणी नहीं की है.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें