दिल्ली के बाद अब गोवा पहुंची CJP, 39ए हटाने की मांग, रांका बोले- कॉकरोच कभी नहीं मरेंगे
अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका (File Photo)
Demand To Scrap Section 39A: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) गोवा पहुंच गई है. जहां प्रेशर ग्रुप के तौर पर काम करने की बात कही है. CJP के संस्थापक अभिजीत दिपके ने कहा कि उनकी पार्टी गोवा विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र भी जारी करेगी. हालांकि, उन्होंने चुनाव लड़के से मना कर दिया है. इस दौरान उन्होंने गोवा में 39 A को खत्म कराने की बात कही है. दिपके ने बताया कि इस चुनाव में उनकी प्राथमिकता है कि धारा 39 A खत्म की जाए.
गोवा चुनाव से पहले सीजेपी ने धारा 39 A खत्म कराने का ऐलान कर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए नई टेंशन पैदा कर दी है. इस मुद्दे को लेकर सीजेपी पीछे नहीं हटते दिखाई दे रही है. सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने बताया कि वे गोवा कुछ दिनों के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय के लिए आए हैं. रांका ने कहा कि देश का भविष्य युवा है. 75 साल के महामानव इस देश के भविष्य नहीं हैं. फिलहाल, धारा 39 A का मामला तूल पकड़ते दिखाई दे रहा है.
क्या है धारा 39 A ?
गोवा नगर एवं ग्रामीण नियोजन अधिनियम 1974 में ही 2024 में संशोधन कर दिया गया, जिसमें धारा 39ए जोड़ दी गई. धारा 39ए के तहत किसी भी भूखंड का जोन बदला जा सकता है. हालांकि, इस दौरान जनता से आपत्ति मांगी जाएगी, लेकिन उसके लिए समय सिर्फ 30 दिनों का ही रहेगा. गोवा के लोग इसका काफी समय से विरोध कर रहे हैं, लेकिन व्यापक स्तर पर इसका असर नहीं देखने को मिला. अब सीजेपी के समर्थन के बाद यह मुद्दा तूल पकड़ सकता है.
कॉकरोच कभी नहीं मरेंगेः रांका
गोवा के स्थानीय लोगों का कहना है कि धारा 39ए से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाया जाएगा. वहीं, उद्योगपति और रसूखदारों को फायदा पहुंचेगा. सीजेपी ने स्पष्ट कर दिया है कि उनकी पार्टी 1-2 दिनों के लिए नहीं, बल्कि लंबे समय के लिए आई है. यह संघर्ष लंबा चलेगा और कॉकरोच कभी मरेंगे नहीं.



