दिल्लीवासियों को झमाझम बारिश का इंतजार, 4 दिनों से मानसून की ‘लुका-छिपी’, चिपचिपी गर्मी से कब मिलेगी राहत?

Delhi Weather: दिल्ली में मानसून की एंट्री के बाद भी झमाझम बारिश नहीं हो पा रही है. जिसकी वजह से उमस भरी चिपचिपी गर्मी पड़ रही है. कैसा रहेगा आज का मौसम?
Delhi Weather Update

दिल्ली में मानसून की एंट्री के बाद भी बारिश का इंतजार

Delhi Weather Update: देश में लगभग हर जगह मानसून की एंट्री हो चुकी है. राजधानी दिल्ली में भी 4 दिन पहले मानसून ने दस्तक दी है. लेकिन इसके बावजूद दिल्लीवासी झमाझम बारिश का इंतजार कर रहे हैं. अभी तक दिल्ली में ऐसी बारिश नहीं हुई कि गर्मी दूर हो सके. हालांकि आसमान में घने बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है. कई इलाकों में तो हल्की और छिटपुट बारिश भी हुई, जिसकी वजह से दिल्ली में उमस भरी चिपचिपी गर्मी बढ़ गई है. जानें कैसा रहेगा आज का मौसम.

मौसम विभाग ने रविवार को ऑरेंज अलर्ट जारी किया, लेकिन इसके बावजूद बारिश नहीं हुई. इस दौरान मौसम विभाग ने सोमवार सुबह ऑरेंज अलर्ट वापस ले लिया. सोमवार को धूप निकलने की वजह से नमी वाली चिपचिपी गर्मी और बढ़ गई. आज मंगलवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.

आज भी बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब दो डिग्री अधिक है. वहीं, न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहा. IMD ने दिल्ली के लिए आज मंगलवार को भी पूर्वानुमान जारी किया है. जिसके अनुसार, दिनभर तेज रफ्तार हवाओं के साथ हल्की से मध्यम स्तर की बारिश की संभावना है.

ये भी पढ़ेंः जम्मू-कश्मीर में बारिश बनी आफत! बादल फटते ही मलबे में दबीं गाड़ियां, तस्‍वीरें देख डर जाएंगे आप

प्रदूषण से राहत की उम्मीद

दिल्ली में बारिश भले ही कम हो रही, लेकिन राहत की बात ये है कि यहां कि हवा अभी भी सांस लेने योग्य है. यानी पिछले सालों की अपेक्षा प्रदूषण से काफी राहत मिली है. केंद्रीय प्रदूषण एवं नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार सुबह 7 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 88 अंक दर्ज किया गया, जो अच्छा माना जाता है. वहीं अधिकांश इलाकों का AQI लेवल भी 100 से नीचे बना हुआ है.

ज़रूर पढ़ें