पुणे में कोर्ट के बाहर खूनी बदला, मर्डर के आरोपी पर चलाई गोलियां, तलवार से काटे हाथ
सीसीटीवी में कैद हुई घटना
Maharashtra Pune Court: महाराष्ट्र के पुणे में बुधवार दोपहर जिला एवं सत्र न्यायालय के बाहर हुई हिंसक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. यहां पेशी के लिए पहुंचे हत्या के एक आरोपी पर हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया. बदमाशों ने पहले उसे घेर कर गोली चलाने की कोशिश की. जब वह ऐसा नहीं कर पाए तो धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमले किए. हमले में आरोपी का एक हाथ कलाई के पास से कट गया. फिलहाल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
पूरा मामला शिवाजीनगर स्थित जिला न्यायालय परिसर के गेट नंबर-4 के पास का है. जहां यह पूरी वारदात दोपहर करीब एक बजे हुई. घायल शख्स की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वह एक पुराने हत्या के मामले में कानूनी कार्रवाई के सिलसिले में कोर्ट पहुंचा था. इसी दौरान उस पर हमला किया गया.
पीछा कर किया हमला, सड़क पर फैला खून
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों ने मंदार को घेरकर उस पर फायरिंग की. इसके बाद कोयता और मचेटी जैसे धारदार हथियारों से हमला शुरू कर दिया।.हमले में उसके हाथ पर गंभीर चोट आई और हाथ कटकर अलग हो गया. वारदात के बाद हमलावर अपने दोपहिया वाहनों से मौके से फरार हो गए. घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें घायल शख्स खून से लथपथ हालत में सड़क पर दिखाई दे रहा है.
चार दिन पहले ही जेल से आया था बाहर
मंदार किवले का नाम अप्रैल 2025 में हुई शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में सामने आया था. शुभम की हत्या पुणे के कात्रज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर हुई थी. इस मामले में मंदार और उसके कुछ साथियों को आरोपी बनाया गया था. बताया जा रहा है कि मंदार करीब चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था. इसके बाद कोर्ट पहुंचते ही उस पर हमला हो गया.
गैंगवार के एंगल से जांच
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्तौल और कारतूसों वाली मैगजीन बरामद की है. घायल मंदार को इलाज के लिए ससून जनरल अस्पताल पहुंचाया गया. पुलिस इस हमले के पीछे पुरानी दुश्मनी और गैंगवार की आशंका की जांच कर रही है.



