NEET पेपर लीक मामले में छात्रों का विरोध, अहमदाबाद में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दिखाए काले झंडे
शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान का विरोध
Neet ug Paper Leak 2026: नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. छात्र सरकार पर सवाल खड़े कर रहे हैं कि जब एक पेपर ही सरकार नहीं करा पा रही है तो पद पर रहने का कोई मतलब नहीं है. यही वजह है कि छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच भारी आक्रोश देखा जा रहा है. छात्रों का गुस्सा अब सातवें आसमान पर पहुंच चुका है. यही वजह है कि गुरुवार को केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को अहमदाबाद दौरे के दौरान विरोध का सामना करना पड़ा है.
देशभर में हो रहे प्रदर्शनों के बीच गुजरात के अहमदाबाद में भी छात्र विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. उनके साथ परिजन भी विरोध में शामिल हो रहे हैं. विरोध के बीच अहमदाबाद में NSUI कार्यकर्ताओं ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को काले झंडे दिखाए और काफिला रोकने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने इसमें बीच बचाव किया और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया.
लगातार हो रही हैं गिरफ्तारियां
नीट एग्जाम मामले की जांच सीबीआई को सौंपी गई है. इसके तहत अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो देश के अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं. आरोपियों को बुधवार को कोर्ट ने ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया था. अब CBI सभी आरोपियों को दिल्ली ले जाएगी.
महाराष्ट्र पुलिस ने बुधवार को नीट परीक्षा के पेपर लीक मामले से कथित तौर पर जुड़े होने के आरोप में राज्य के विभिन्न हिस्सों से दो लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें एक महिला ब्यूटीशियन मनीषा भी शामिल है. आरोप है कि मनीषा के 21 खातों में 10 लाख रुपए जमा किए गए थे.
NTA कर चुका है परीक्षा रद्द
देशभर से हो रही गिरफ्तारियों के बाद एनटीए ने भी परीक्षा को रद्द कर दिया है. इसके साथ यह भी कहा है कि जल्द ही यह एग्जाम दोबारा कराया जाएगा. CBI ने राजस्थान और बिहार समेत कई राज्यों में छापेमारी और पूछताछ की है. नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET) भारत में मेडिकल और डेंटल कोर्स में दाखिले के लिए होने वाली राष्ट्रीय प्रवेश परीक्षा है. इसे देश की सबसे कठिन परीक्षा भी माना जाता है. इसकी शुरुआत 2013 में हुई थी, तभी से ही यह विवादों में है.
ये भी पढ़ें: NEET परीक्षा 2026 रद्द, पेपर लीक के बाद लिया गया फैसला, CBI करेगी जांच; 3 मई को हुआ था एग्जाम