‘तुरंत बंद करो चाइल्ड एब्यूज एड…’, सरकार का Meta को नोटिस, 7 द‍िन में देना होगा जवाब

notice to meta: इंस्टाग्राम पर बच्चों से जुड़े आपत्तिजनक कंटेंट मिलने के बाद केंद्र सरकार ने Meta को 7 दिन का नोटिस भेजा है. अब कंपनी को बताना होगा कि ऐसा कंटेंट कैसे पहुंचा और इसे रोकने के लिए आगे क्या कदम उठाए जाएंगे.

Notice To Meta: भारत सरकार ने Meta को कड़ा नोटिस जारी किया है. यह नोटिस इंस्टाग्राम पर बच्चों के यौन शोषण (Child Sexual Abuse Material – CSAM) से जुड़ा आपत्तिजनक कंटेंट मिलने के बाद भेजा गया है. इस नोट‍िस को लेकर सरकार का कहना है कि ऐसे कंटेंट की मौजूदगी बेहद गंभीर मामला है. इससे बच्चों की सुरक्षा पर खतरा पैदा होता है.

सरकार ने Meta से पूछा है कि आखिर इंस्टाग्राम पर इस तरह का कंटेंट कैसे पहुंचा और उसे समय रहते हटाने के लिए कंपनी ने क्या कदम उठाए? साथ ही यह भी बताने को कहा गया है कि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए कंपनी क्या नई व्यवस्था लागू करेगी.

Meta को 7 दिन का अल्टीमेटम!

Meta को इस नोटिस का जवाब देने के लिए 7 दिन का समय दिया गया है. इस दौरान कंपनी को पूरी जानकारी और अपना स्पष्टीकरण सरकार के सामने रखना होगा. सरकार यह भी जानना चाहती है कि कंटेंट की पहचान करने, उसे तुरंत हटाने और ऐसे अकाउंट्स पर कार्रवाई करने के लिए Meta के पास कौन-कौन से सुरक्षा तंत्र मौजूद हैं.

सरकार की सख्‍त मैसेज

सरकार ने साफ किया है कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर बच्चों से जुड़े यौन शोषण वाले कंटेंट को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसे मामलों में सोशल मीडिया कंपनियों की जिम्मेदारी बनती है कि वे आपत्तिजनक सामग्री को तुरंत हटाएं और कानून के अनुसार कार्रवाई करें.

मेटा के जवाब का इंतजार

अब सबकी नजर Meta के जवाब पर है. यदि कंपनी का जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया या यह माना गया कि उसने अपनी जिम्मेदारियों का सही तरीके से पालन नहीं किया, तो सरकार आगे कानूनी और नियामकीय कार्रवाई कर सकती है. इसमें नए निर्देश जारी करना, सख्त निगरानी बढ़ाना या लागू नियमों के तहत अन्य कदम उठाना भी शामिल हो सकता है.

सरकार का कहना है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल सुरक्षित बनाना उसकी प्राथमिकता है. खासकर बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी. इसलिए आने वाले दिनों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी और सख्त होने की संभावना है.

ये भी पढ़ें:खामेनेई के अंतिम संस्कार में 3,000 मौतों की आशंका! ईरान ने पहले से कर ली बड़ी तैयारी

ज़रूर पढ़ें