भारत की तरक्की से क्यों परेशान हैं दुनिया की ताकतें? मोहन भागवत ने बताया ग्लोबल पावर का गणित
RSS चीफ मोहन भागवत
Mohan Bhagwat Speech: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत ने बुधवार को महाराष्ट्र के संभाजीनगर में एक कार्यक्रम को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि दुनिया का कोई भी देश नहीं चाहता है कि भारत तरक्की करे. इसकी वजह यह है कि भारत अगर मजबूत और विकसित देश बनता है. तो उन देशों का दबदबा कमजोर पड़ सकता है, जो दुनिया को अपने हिसाब से चलाना चाहते है.
संघ प्रमुख मोहन भागवत के मुताबिक, भारत की सोच दूसरे देशों पर हुक्म चलाने की नहीं है. बल्कि जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करने की है. कई बार भारत ने मदद की भी है. संघ प्रमुख ने यह सब छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित ‘पद्मा महोत्सव’ के तीसरे दिन लोगों को संबोधित करते हुए कहा है.
संघ प्रमुख ने क्या-क्या कहा?
संघ प्रमुख ने कहा कि कुछ वैश्विक ताकतें दूसरे देशों को दबाव में रखकर अपनी शक्ति बनाए रखती हैं. वे चाहती हैं कि दुनिया के देश उनके प्रभाव में रहें. लेकिन, भारत का विकास इस व्यवस्था को चुनौती दे सकता है. भागवत ने कहा कि भारत उन देशों की मदद करने से भी पीछे नहीं हटता, जो उससे नाराज रहते हैं या उसके साथ अच्छे संबंध नहीं रखते.
उन्होंने इसके लिए कई देशों के उदाहरण भी दिए. भागवत ने कहा कि जब मालदीव पानी की समस्या से जूझ रहा था, तब भारत ने वहां पानी पहुंचाया. आर्थिक संकट के दौरान श्रीलंका को वित्तीय सहायता दी गई. नेपाल को पर्यावरण से जुड़ी समस्याओं में मदद दी गई. इसके अलावा बांग्लादेश की भी मदद की गई. उन्होंने यह भी कहा कि बाढ़ और भूकंप जैसी आपदाओं के समय भारत पाकिस्तान की मदद कर चुका है.
2047 के विकसित भारत पर भी रखी बात
अपने संबोधन में भागवत ने 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि 2047 सिर्फ एक साल या समय-सीमा नहीं है, बल्कि यह बताता है कि देश को अपने लक्ष्य के लिए कितनी गंभीरता और तेजी से काम करना होगा.
उन्होंने कहा कि भारत को 2047 तक विकसित अमेरिका, विकसित चीन या विकसित रूस नहीं बनना है, बल्कि विकसित भारत बनना है। उनके मुताबिक, ‘विकसित’ शब्द हमें बताता है कि हमें किस तरह का जीवन जीना चाहिए. जबकि भारत हमारी विकास की पहचान तय करता है.



