महिला आरक्षण-परिसीमन बिल पर हलचल तेज , सरकार ने बुलाया एक दिन का संसद सत्र
संसद सत्र
Parliament Session 2026: महिला आरक्षण संशोधन बिल और परिसीमन बिल को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो चली है. सरकार ने एक दिन का राज्यसभा सत्र और एक दिन का लोकसभा सत्र बुलाने की अपील स्पीकर से की है. इस बात की जानकारी संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने दी है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर बताया कि सोमवार, 30 नवंबर, 2026 को लोकसभा और बुधवार, 2 दिसंबर, 2026 को राज्यसभा का एक दिन का सत्र बुलाने का अनुरोध किया गया है. इस दौरान जरूरी सरकारी कामकाज निपटाया जाएगा. कामकाज की जरूरतों को देखते हुए, दोनों सदनों की कार्यवाही 3 दिसंबर 2026 को समाप्त हो सकती है.
The Government has requested Hon’ble Speaker, Lok Sabha and Hon’ble Chairman, Rajya Sabha to reconvene Lok Sabha on Monday, 30th November, 2026 and Rajya Sabha on Wednesday, 2nd December, 2026 respectively to transact essential Government Business. Subject to exigencies of the Business, the sitting of both Houses may conclude on 3rd December, 2026.
— Kiren Rijiju (@KirenRijiju) November 26, 2026
किस लिए बुलाया गया सत्र?
खास बात यह है कि पिछले कई दिनों से अटकलें लगाई जा रही थीं कि सरकार जल्द ही संसद सत्र बुला सकती है. हुआ भी ठीक वैसा ही है. इस सत्र को लेकर अनुमान लगाया जा रहा है कि सरकार की तरफ से महिला आरक्षण और परिसीमन बिल पेश किया जाएगा. पिछली बार जब ये बिल लाए गए थे तब बहुमत न मिलने के कारण गिर गए थे.
अब सरकार की कोशिश है कि इस मुद्दे पर दोबारा राजनीतिक सहमति बनाई जाए और जरूरी संख्या जुटाकर विधेयकों को संसद से पारित कराया जाए. हालांकि आगे आने वाले दिनों में पता चलेगा कि आखिर सरकार का असल प्लान क्या है.
मॉनसून सत्र अभी तक नहीं हुआ खत्म
लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई थी. उस समय मॉनसून सत्र चल रहा था. करीब 100 दिन से ज्यादा का समय बीत जाने के बाद भी इसको औपचारिक तौर पर समाप्त नहीं किया गया है. मानसून सत्र 20 जुलाई को शुरू हुआ था.



