‘पिछले 12 सालों में युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत ने बदली तस्वीर’ FICCI के शताब्दी सम्मेलन में बोले पीएम मोदी
पीएम मोदी (File Phot)
Modi Highlights 12 Years Growth: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह करीब 11 बजे भारत मंडपम में फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (FICCI) की आम बैठक और वार्षिक सम्मेलन का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है, जिसके लगभग 7% की दर से बढ़ने का अनुमान है.
दरअसल, साल 2026-27 FICCI का शताब्दी वर्ष है, क्योंकि 7 अप्रैल 2027 को यह संगठन अपनी स्थापना के 100 साल पूरे कर लेगा. आज FICCI के शताब्दी सम्मेलन का ही कार्यक्रम आयोजित किया गया है. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘भाजपा सरकार पिछली सरकारों जैसी नहीं है, बल्कि एक ऐसी मित्र सरकार है जो दोस्ती निभाना जानती है, और अगर आप मेरे सच्चे दोस्त हैं, तो आपको एक काम करना चाहिए. बिना किसी हिचकिचाहट के मुझे लिखें कि अभी और किन सुधारों की जरूरत है?’
सोच बदलनी चाहिएः पीएम मोदी
पीएम मोदी बोले- ‘हमारा घरेलू बाजार हमारा ‘कंफर्ट जोन’ नहीं बनना चाहिए, बल्कि इससे हमें वैश्विक बाजार में मुकाबला करने का आत्मविश्वास मिलना चाहिए. वैश्विक ग्राहकों की जरूरतों को समझने, अंतरराष्ट्रीय मानकों को अपनाने और डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क बनाने में निवेश करें. 140 करोड़ भारतीयों को सिर्फ एक ऐसा पक्का बाजार न समझें जहां कुछ भी बिक जाएगा. आज भी, विक्रेता ग्राहकों को यह यकीन दिलाने के लिए कि सामान अच्छा है, कहते हैं ‘यह एक्सपोर्ट क्वालिटी का है’. आप हमारे देशवासियों को क्या समझते हैं? क्या वे अच्छी क्वालिटी के हकदार नहीं हैं? यह सोच बदलनी चाहिए. मेरे देशवासी बेहतरीन क्वालिटी के हकदार हैं.”
पीएम मोदी ने सुनाया पुराना किस्सा
पीएम मोदी ने आगे कहा, ‘कोई भी देश अपने किसानों, छोटे उद्यमियों, उद्योग जगत, धन सृजन करने वालों और करदाताओं का सम्मान करके ही आगे बढ़ सकता है, न कि सुबह-शाम उन्हें बुरा-भला कहकर.’ इस दौरान पीएम मोदी ने पुराना किस्सा सुनाते हुए कहा, ‘लगभग 2001-02 में, जब मैं नया-नया गुजरात का मुख्यमंत्री बना था, तब मैंने आयकर विभाग के एक कार्यक्रम में उनसे पूछा था. आप कब तक हर किसी को चोर की तरह समझना बंद करेंगे? आप भी देश के लिए काम करते हैं. हर कोई सम्मान का हकदार है.’
दुनिया में सबसे तेजी से बढ़ी भारतीय अर्थव्यवस्था
उन्होंने आगे कहा, ‘आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है, जिसके लगभग 7% की दर से बढ़ने का अनुमान है. अक्टूबर में, भारत का वस्तुओं का निर्यात लगभग 50 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो अब तक का हमारा सबसे अधिक मासिक वस्तु निर्यात है. विश्व बैंक की हालिया रिपोर्ट बताती है कि महज 12-13 वर्षों में 50 करोड़ भारतीयों ने गरीबी को मात दी है.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘पिछले 100 वर्षों में, भारत की अर्थव्यवस्था ने कई दौर देखे हैं. हमने ‘लाइसेंस-कोटा राज’ देखा, राष्ट्रीयकरण का विफल प्रयोग देखा, और 21वीं सदी में एक ऐसा समय भी आया जब भारत की अर्थव्यवस्था को ‘फ्रैजाइल फाइव’ (कमजोर पांच अर्थव्यवस्थाओं) में गिना जाने लगा था. हालांकि, पिछले 12 वर्षों में हमारे युवाओं, किसानों, श्रमिकों और उद्योग जगत के नेताओं ने इस स्थिति को बदलने के लिए कड़ी मेहनत की है.’



