‘प्रदर्शन शिव का तांडव, प्लानिंग जरूरी नहीं…’, चुनाव आयोग के खिलाफ मार्च से पहले बोले राहुल गांधी
राहुल गांधी
Rahul Gandhi Protest: देश की राजधानी दिल्ली में आज इंडिया गठबंधन का मार्च निकलने वाला है. इस मार्च से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया. जिसमें उन्होंने सरकार और पुलिस प्रशासन पर जमकर हमला बोला है, राहुल ने कहा कि प्रदर्शन से पहले ही दिल्ली को किला बना दिया. मार्च से पहले ही ट्रेन और बसों को रोका जा रहा है. आज हर जगह दिल्ली में भारी पुलिस की तैनाती की गई है.
राहुल ने कहा कि मेरी बहन मुझसे कहती है कि प्रदर्शन से पहले कोई प्लान करना चाहिए. मैंने उससे कहा कि ये शिव का तांडव है. इसमें प्लानिंग नहीं होती है. आज हम सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं. कोई प्लान की जरूरत नहीं है. आगे कहा कि विपक्ष का मार्च शिवजी की बारात है. इसमें शामिल होने के लिए कोई भी आ सकता है, ज्ञानेश के हटने तक प्रदर्शन जारी रहेगा.
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली में कई दिनों से वोटों की चोरी के ख़िलाफ़ विरोध प्रदर्शन चल रहा है. सवाल यह है कि दिल्ली को जेल में क्यों बदल दिया गया है? लोगों को शहर में आने से रोका जा रहा है. ट्रेनों और बसों में रोका जा रहा है.
#WATCH | Delhi | Lok Sabha LoP Rahul Gandhi says, "A protest against the theft of votes has been underway in Delhi for several days; the question is, why has Delhi been turned into a prison? People are being prevented from entering the city—stopped on trains and buses—and Delhi has been transformed into a fortress…"
— ANI (@ANI) October 12, 2026
पुलिसकर्मी भी इस सरकार से परेशान- राहुल
राहुल ने कहा कि हम चाहते हैं कि सड़कों पर 20,000 से 30,000 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं, सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है, क्योंकि हम देश को दिखाना चाहते हैं कि मोदी जी ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा पक्की करना चाहते हैं. उन्हें जितनी ज़्यादा सुरक्षा मिलेगी, हम आखिरकार उनके कंट्रोलर तक उतनी ही आसानी से पहुंच पाएंगे. हमें ऐसी खबरें मिल रही हैं कि पुलिसकर्मी परेशान हैं क्योंकि उन्हें युवाओं की पिटाई करने का आदेश दिया जा रहा है, जबकि RSS सदस्यों को खुली छूट देने के निर्देश दिए जा रहे हैं.
राहुल ने कहा कि ठीक 50% पुलिसकर्मी हमसे कह रहे हैं कि हम जो कर रहे हैं वह सही है और हमें इसे जारी रखना चाहिए, पुलिस, ITBP, CRPF और भारत की जनता एक तरफ है. दूसरी तरफ नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग के 4-5 सदस्य हैं. जो ‘वोट चोरी’ और देश को हाईजैक करने में मदद कर रहे हैं. हम इस अंतर को बढ़ा रहे हैं.
आज सुप्रीम कोर्ट जाकर याचिका दायर करेंगे- राहुल
राहुल ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष और मैंने CJI को पत्र लिखकर भारतीय लोकतंत्र की हत्या और चुनाव की निष्पक्षता को लेकर अपनी गहरी चिंता जताई. CJI ने हमें जवाब दिया और याचिका दायर करने का निर्देश दिया. आज, INDIA गठबंधन के नेता और मैं साथ मिलकर सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और यह याचिका दायर करेंगे.
आगे कहा कि ऐसा इसलिए हो रहा है क्योंकि हम वही सवाल उठा रहे हैं जो दो चुनाव आयुक्तों ने पूछा था. ज्ञानेश कुमार इस्तीफ़ा क्यों नहीं दे रहे हैं? ज्ञानेश कुमार, आपकी नींद उड़ गई है. हम आपको बख्शेंगे नहीं. हमें आपके अतीत और आपके भ्रष्टाचार के बारे में पता है और हम इंतज़ार कर रहे हैं.
राहुल ने कहा कि भारत आगे बढ़ रहा है. आज दोपहर कनॉट प्लेस के बाराखंबा जंक्शन पर हमारे साथ जुड़ें. अगर आप संविधान की रक्षा करना चाहते हैं, तो किसी भी पार्टी का कोई भी व्यक्ति इसमें शामिल हो सकता है.अगर किसी वजह से आप सीधे हमारे साथ नहीं जुड़ सकते, तो जब हम सुप्रीम कोर्ट के सामने याचिका दाखिल कर रहे हों, तब अपना समर्थन दिखाएं.
ये भी पढ़ें: इंडिया गठबंधन के नेताओं से क्यों नहीं मिलना चाहते CJI? खुद सामने आकर बताई वजह