पंजाब में रवनीत बिट्टू के काफिले पर हमला! अंडे-टमाटर फेंके, AAP पर गंभीर आरोप
रवनीत बिट्टू
Ravneet Singh Bittu Convoy Attack: पंजाब में BJP नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के काफिले को लेकर शुक्रवार को विवाद खड़ा हो गया. बटाला के पास घासीतपुर गांव में कुछ लोगों ने उनके काफिले को घेर लिया और वाहनों पर अंडे व टमाटर फेंकना शुरू कर दिया.घटना उस वक्त हुई जब बिट्टू अमृतसर से पठानकोट जा रहे थे, जहां BJP की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ की शुरुआत होनी थी.
घटना के बाद रवनीत बिट्टू ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन में आम आदमी पार्टी से जुड़े लोग शामिल थे. उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में लोगों ने उनके काफिले को रोकने की कोशिश की और वाहनों पर हमला किया. कुछ रिपोर्टों में पत्थर फेंके जाने और एस्कॉर्ट वाहनों को नुकसान पहुंचने की भी जानकारी सामने आई है. हालांकि, AAP कार्यकर्ताओं की कथित भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है.
बिट्टू ने पूरी घटना को लेकर क्या बताया?
बिट्टू के मुताबिक, घटना के दौरान उनकी सुरक्षा टीम ने कुछ लोगों को पकड़ा. इसके बाद वह घासीतपुर गांव के एक घर में पहुंचे और कथित तौर पर हमले में शामिल लोगों से बातचीत की. उन्होंने पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज नहीं किया जाता, वह वहां से नहीं जाएंगे.
पंजाब सरकार पर साधा बिट्टू ने निशाना
रवनीत बिट्टू ने यह भी आरोप लगाया कि पंजाब सरकार और पुलिस को उनके कार्यक्रम और यात्रा के रूट की जानकारी थी, इसके बावजूद काफिले को रोकने की कोशिश हुई. उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पुलिस प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं. दूसरी ओर, घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर BJP की ओर से पंजाब सरकार पर निशाना साधा गया है.
यह पूरा घटनाक्रम BJP की ‘नशा मुक्त पंजाब यात्रा’ शुरू होने से ठीक पहले हुआ है. पार्टी की यह यात्रा पंजाब के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों से गुजरने वाली है. ऐसे में बिट्टू के काफिले पर हुए विवाद ने पंजाब की राजनीति में नया मुद्दा खड़ा कर दिया है.
ये भी पढ़ें:ममता को फुटबॉल खिलाड़ी और ऋतव्रत को लिफाफा… EC ने TMC के दोनों गुटों को बांटे सिंबल