सिद्धारमैया का क्या होगा राजनीतिक भविष्य? सीएम पद से इस्तीफे के बाद कांग्रेस नेता ने बताया अपना प्लान
सिद्धारमैया
Siddaramaiah Political Future Plan: कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रही अटकलों पर आखिरकार विराम लग गया है. कांग्रेस नेता सिद्धारमैया ने गुरुवार को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया. हालांकि, उन्होंने साफ कर दिया कि उनका राजनीतिक सफर अभी खत्म नहीं हुआ है. वे राज्य की राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे. मतलब यह कि भले ही सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है. लेकिन, वे एक्टिव बने रहेंगे.
राज्यपाल थावरचंद गहलोत को अपना इस्तीफा सौंपने के बाद मीडिया से बातचीत में सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रस्ताव दिया था, लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता कर्नाटक की राजनीति और राज्य की जनता के बीच रहकर काम करना है.
सिद्धारमैया ने क्या कहा?
सिद्धारमैया ने कहा कि उनकी राष्ट्रीय राजनीति में कोई रुचि नहीं है. वे विधायक के रूप में अपने शेष कार्यकाल तक लोगों की सेवा जारी रखेंगे. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद छोड़ने का फैसला उन्होंने अपनी इच्छा से लिया है.
उन्होंने अगले मुख्यमंत्री को लेकर जारी चर्चाओं पर भी बयान दिया. सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस आलाकमान और कांग्रेस विधायक दल जिस नेता के नाम पर सहमति बनाएंगे, वही कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री होगा. पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कई महीनों से चर्चाएं चल रही थीं. अब यह प्रक्रिया निर्णायक मोड़ पर पहुंच गई है.
शिवकुमार बनेंगे नए मुख्यमंत्री?
सूत्रों के अनुसार, उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माने जा रहे हैं. साल 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की बड़ी जीत के बाद से ही सत्ता साझा करने के फॉर्मूले को लेकर चर्चा तेज थी. हालांकि, सिद्धारमैया ने सार्वजनिक तौर पर हमेशा यह कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी तरह का औपचारिक समझौता नहीं हुआ था.
क्या कहते हैं राजनीतिक जानकार
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पद छोड़ने के बावजूद सिद्धारमैया का प्रभाव कांग्रेस संगठन और राज्य की राजनीति में बना रहेगा. खासकर अल्पसंख्यक, पिछड़े वर्ग और दलित समुदायों के बीच उनकी मजबूत पकड़ पार्टी के लिए अहम मानी जाती है. कांग्रेस भी आने वाले चुनावों और सरकार के संचालन में उनके अनुभव का लाभ उठाने की रणनीति बना रही है. अब सबकी नजर कांग्रेस विधायक दल की बैठक पर टिकी है, जहां नए नेता के चयन को लेकर अंतिम फैसला लिया जा सकता है.
ये भी पढ़ें: 900 करोड़ का मॉल, 500 करोड़ का कर्ज…,’ कितनी प्रॉपर्टी के मालिक हैं डीके शिवकुमार? बनेंगे कर्नाटक के नए CM!