121 किलो सोना, 46 बेशकीमती गहने… तिरुपति बालाजी को मिला 200 करोड़ से ज्यादा का महादान
Tirumala Temple Gold Donation: देश के सबसे प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल तिरुपति बालाजी मंदिर में एक भक्त ने ऐसा दान दिया है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है. चेन्नई के एक कारोबारी परिवार ने भगवान वेंकटेश्वर के चरणों में 121 किलो सोने के आभूषण भेंट किए हैं. इनकी कीमत करीब 160 करोड़ रुपये बताई जा रही है. खास बात यह है कि यह दान सिर्फ सोने तक सीमित नहीं है, बल्कि परिवार ने कई तरह के कीमती गहने भी मंदिर को भेंट किए हैं.
इस बड़े दान के पीछे वर्धमान जैन का नाम सामने आया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने अपने परिवार के साथ मिलकर यह भेंट मंदिर को समर्पित की है. सोने की इतनी बड़ी मात्रा में भेंट मिलने के बाद यह दान चर्चा का विषय बन गया है. आमतौर पर श्रद्धालु मंदिर में अपनी श्रद्धा के अनुसार नकदी, सोना या अन्य कीमती सामान चढ़ाते हैं. लेकिन, 121 किलो सोने का यह चढ़ावा अपने आप में बेहद खास है.
दान की क्या है खासियत
इस दान की सबसे दिलचस्प बात इसकी कीमत और गहनों की संख्या है. तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (TTD) की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, कुल 46 आभूषण तैयार किए गए हैं. इन्हें बनाने में 24 कैरेट सोने का इस्तेमाल हुआ है. इनकी कुल कीमत मेकिंग चार्ज सहित करीब 207.6 करोड़ रुपये बताई गई है. शुरुआती खबरों में इनकी कीमत 160 करोड़ रुपये बताई गई थी.
भगवान के लिए क्या-क्या बनवाया गया?
इन आभूषणों में सोने का मुकुट, पैरों के विशेष आभूषण, हार, बाजूबंद, कंगन, कमरबंद और शंख-चक्र के लिए खास आभूषण शामिल हैं. गहनों में हीरे और कई तरह के कीमती रत्न भी जड़े गए हैं. इनमें 238.2 कैरेट हीरे और 2,247.7 कैरेट दूसरे कीमती पत्थरों का इस्तेमाल हुआ है.
कुल 121 किलो सोने में से 106 किलो सोने से भगवान वेंकटेश्वर के लिए आभूषण बनाए गए हैं. जबकि बाकी 15 किलो सोने से तिरुचानूर मंदिर में देवी पद्मावती अम्मावारू के लिए विशेष वस्त्र तैयार किया जाएगा.
कौन हैं वर्धमान जैन?
वर्धमान जैन चेन्नई के जाने-माने कारोबारी हैं. उन्हें हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर के संस्थापक और पूर्व वाइस चेयरमैन के तौर पर जाना जाता है. उन्होंने चेन्नई के लोयोला कॉलेज से पढ़ाई की और बाद में अमेरिका की टेक्सास यूनिवर्सिटी से कंप्यूटर साइंस में मास्टर डिग्री हासिल की. वह डेल सर्विसेज के बीपीओ कारोबार से भी जुड़े रहे हैं.
इस खास मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मंदिर पहुंचे. उन्होंने जैन परिवार के इस योगदान की तारीफ की और इसे आस्था की बड़ी मिसाल बताया. TTD के मुताबिक, यह किसी एक श्रद्धालु की ओर से भगवान वेंकटेश्वर को दिया गया अब तक का सबसे बड़ा आभूषण दान माना जा रहा है.



