‘या तो मैं या अभिषेक, ममता दीदी को किसी एक को चुनना होगा’, कल्याण बनर्जी की खुली चेतावनी
कल्याण बनर्जी ने अभिषेक बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप
TMC Conflict Abhishek & Kalyan Clash: पश्चिम बंगाल में टीएमसी को प्रतिदिन बड़ा झटका लग रहा है. करीब 20 सांसद पार्टी छोड़ने के लिए तैयार है. इनमें कई ऐसे सांसद हैं, जो टीएमसी प्रमुख के काफी खास माने जाते हैं. इसके साथ ही टीएमसी के 80 में से 58 विधायकों ने आधिकारिक रूप से पार्टी से अलग होकर मुख्य विपक्षी समूह के तौर पर मान्यता हासिल कर ली है. आज गुरुवार को टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने भी पार्टी छोड़ने की धमकी दी है. उन्होंने साफ कहा कि ममता दीदी को यह तय करना होगा कि पार्टी में अभिषेक रहेंगे या हम. फिलहाल, उनके इस बयान के बाद बंगाल में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
ममता बनर्जी के काफी खास माने जाने वाले सांसद कल्याण बनर्जी काफी समय से अभिषेक बनर्जी से नाराज चल रहे हैं. अब उनकी नाराजगी खुलकर सामने आई है. कल्याण बनर्जी एक सीनियर वकील भी हैं, जो अभिषेक बनर्जी और पार्टी का केस लड़ते हैं. उन्होंने अभिषेक का केस भी लड़ने से मना कर दिया है. इतना ही नहीं पार्टी को बर्बाद होने का जिम्मेदार अभिषेक को ठहराते हुए घमंडी कहा है.
#WATCH कोलकाता, पश्चिम बंगाल: TMC सांसद कल्याण बनर्जी ने कहा, "… मैं अभिषेक बनर्जी का कोई भी केस नहीं लड़ूंगा क्योंकि मुझे उनका घमंडी रवैया पसंद नहीं है। मैंने इस पेशे में 45 साल बिताए हैं; ये सभी लोग मेरे साथ जूनियर के तौर पर काम कर चुके हैं। वह मेरा अपमान कैसे कर सकते हैं?… pic.twitter.com/RFjXae3pvd
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 11, 2026
अभिषेक का कोई केस नहीं लड़ूंगाः कल्याण बनर्जी
कल्याण बनर्जी ने कहा, “मैं अभिषेक बनर्जी का कोई भी केस नहीं लड़ूंगा क्योंकि मुझे उनका घमंडी रवैया पसंद नहीं है. मैंने इस पेशे में 45 साल बिताए हैं. ये सभी लोग मेरे साथ जूनियर के तौर पर काम कर चुके हैं. वह मेरा अपमान कैसे कर सकते हैं? राजनीति में भी मैं उनसे सीनियर हूं. वे ऐसा नहीं कर सकते. उन्हें यह समझना होगा कि उन्हीं की वजह से हम हारे.”
ये भी पढ़ेंः TMC को तगड़ा झटका, राज्यसभा सांसद प्रकाश चिक बराइक का इस्तीफा, प्रसून बनर्जी ने भी छोड़ा ममता का साथ
अभिषेक पर पार्टी को बर्बाद करने का आरोप
उन्होंने आगे कहा, “अभिषेक को यह भी समझना होगा कि पार्टी उन्हीं की वजह से इस संकट का सामना कर रही है. मैं अपमान बर्दाश्त नहीं कर सकता. मैं दीदी से गुजारिश करूंगा कि अगर आप अभिषेक बनर्जी पर निर्भर रहेंगी, तो उन्हीं के साथ रहें, मुझे छोड़ दें. लेकिन अगर आप अभिषेक बनर्जी से अलग हो जाती हैं तो मैं आपके साथ हूं. उन्होंने हमारी पार्टी को बर्बाद कर दिया है.”