सावधान! वजन घटाने और शुगर की इस दवा से जा सकती है आंखों की रोशनी, नई रिसर्च ने उड़ाई डॉक्टरों की नींद
इस दवा के सेवन से आंखों की रोशनी जा सकती है.
Ozempic Side Effects: डायबिटीज की एक फेमस दवा इन दिनों अपनी नई रिसर्च को लेकर चर्चा में है. हालिया स्टडी से पता चला है कि इस दवा के इस्तेमाल से आंखों की एक दुर्लभ लेकिन गंभीर बीमारी का खतरा बढ़ सकता है, जिससे आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है. आखिर क्या है यह दवा और एक्सपर्ट्स इसे लेकर क्यों चेतावनी दे रहे हैं. आइए जानते हैं इस नई रिसर्च से जुड़ी हर जरूरी बात.
किस दवा से आंखों की रोशनी जा सकती है?
डेनमार्क की यूनिवर्सिटी ऑफ साउथ डेनमार्क के वैज्ञानिकों ने ‘ओजेम्पिक’ (Ozempic) दवा पर दो बड़ी स्टडी की हैं. यह दवा शुगर कंट्रोल करने और वजन घटाने के लिए बहुत फेमस है, लेकिन रिसर्च में एक डराने वाली बात सामने आई है. दरअसल, इस दवा के इस्तेमाल से ‘NAION’ नाम की आंखों की एक गंभीर समस्या का खतरा जुड़ा है. यह परेशानी तब होती है जब आंखों की नसों तक खून का पहुंचना अचानक कम या बंद हो जाता है, जिससे इंसान की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है.
बहुत रेयर है यह बीमारी
भले ही NAION एक दुर्लभ बीमारी है, लेकिन इसके खतरनाक नतीजों की वजह से डॉक्टर इसे गंभीरता से लेते हैं. इस बीमारी में अचानक एक आंख की रोशनी जा सकती है और कभी-कभी दूसरी आंख पर भी इसका असर पड़ सकता है. इस पूरे विवाद की शुरुआत अमेरिका की एक छोटी सी रिसर्च से हुई थी, जिसमें बताया गया कि ‘ओजेम्पिक’ दवा लेने से इस अंधेपन का खतरा दोगुना हो जाता है. अब डेनमार्क में हुई एक बड़ी स्टडी ने भी इस बात की पुष्टि कर दी है, जिससे इस खतरे की आशंका और बढ़ गई है.
स्टडी में क्या खुलासा हुआ?
एक बड़ी स्टडी में 4.24 लाख से ज्यादा डायबिटीज मरीजों की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि ‘ओजेम्पिक’ लेने वालों में आंखों की रोशनी जाने (NAION) का खतरा दूसरी दवाओं के मुकाबले दोगुना है. रिसर्च के अनुसार, साल 2018 से पहले जहां इसके सालाना 60-70 मामले आते थे, वहीं दवा का इस्तेमाल बढ़ने के बाद अब यह संख्या बढ़कर 150 तक पहुंच गई है. इनमें से ज्यादातर मरीज वही हैं जो डायबिटीज के इलाज के लिए यह दवा ले रहे थे.
ये भी पढ़ें-महंगे ब्यूटी प्रोडक्ट्स को कहें बाय-बाय! गर्मियों में इन फलों के सेवन से बढ़ाएं चेहरे की चमक
दूसरी दवाओं से दोगुना खतरा
एक अन्य रिसर्च में भी यही पाया गया कि ओजेम्पिक लेने वाले नए मरीजों में आंखों की इस बीमारी का खतरा दूसरी दवाओं के मुकाबले लगभग दोगुना है. हालांकि, एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुल मिलाकर यह खतरा अभी भी काफी कम है और ज्यादातर मरीजों को ऐसी कोई समस्या नहीं होती. इसके साथ ही शुगर कंट्रोल करने में इस दवा के फायदों को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता, जो मरीजों की सेहत के लिए बहुत जरूरी हैं.