दमोह में आंधी-बारिश ने मचाई तबाही; भूसे से भरी ट्रॉली पलटने से एक मजदूर की मौत, 2 लोग घायल
हादसे के बाद घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया.
Input-
Damoh News: भीषण गर्मी के बीच दमोह जिले में बीती रात मौसम ने करवट ली. आंधी-बारिश ने जमकर तबाही मचाई. तेज आंधी, तूफान और बारिश के बीच भूसे से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें दबकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए. वहीं घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
खेत में काम करते समय हुआ हादसा
पूरा मामला देहात थाना क्षेत्र की सागर नाका चौकी अंतर्गत बरमासा गांव का है. यहां देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया.बताया जा रहा है कि रात की ठंडक में मजदूर खेत में ट्रैक्टर-ट्रॉली में भूसा भरने का काम कर रहे थे. इसी दौरान अचानक से तेज आंधी-तूफान और बारिश शुरू हो गई. मौसम इतना खराब था कि भूसे से लदी ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में बरपटी निवासी मजदूर टीकाराम यादव ट्रैक्टर के नीचे दब गया. जिसके बाद मौके पर मौजूद अन्य मजदूरों और ग्रामीणों ने बाहर निकालने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी.वहीं हादसे में दो अन्य मजदूर भी घायल हो गए.
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर चक्रेश ने टीकाराम यादव को मृत घोषित कर दिया. वहीं दोनों घायलों का उपचार जारी है. इनमें से एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं.
मौसम के बदले मिजाज ने बढ़ाई चिंता
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. अचानक आए तूफान ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया, जिससे गांव में शोक का माहौल है. फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने एक बार फिर मौसम के बदलते मिजाज और खेतों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है.