जबलपुर में कुटिया में घुसकर साधु की धारदार हथियार से हत्या, बाइक के नीचे दबा मिला शव
जबलपुर में मंदिर की कुटिया में घुसकर साधु की हत्या.
MP News: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक साधु की कुटिया में घुसकर उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी गई. बरगी डैम के पुलघाट के पास तारापुरी महाराज(65) पिछले तीन सालों से मंदिर में बनी कुटिया में रह रहे थे. दोपहर करीब 12 बजे साधु का शव बाइक के नीचे दबा मिला. शरीर पर कई जगह चोट के निशान मिले हैं. पुलिस का कहना है कि हत्या से पहले साधु और हमलावरों के बीच संघर्ष हुआ था.
स्थानीय लोगों की मदद से बनवा रहे थे मंदिर
तारापुरी महाराज पिछले तीन सालों से मंदिर में रह रहे थे. वह स्थानीय लोगों की मदद से नर्मदेश्वर महादेव आश्रम के मंदिर का जीर्णोद्धार करवा रहे थे. तभी हथियारों से लैस बदमाशों ने कुटिया में घुसकर उन पर हमला कर दिया. इस दौरान आरोपियों ने साधु की जमकर पिटाई की और फिर धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी.
संपत्ति विवाद में साधु की हत्या
तारापुरी महाराज का शव कुटिया के अंदर उनकी बाइक के नीचे दबा पड़ा मिला. तारापुरी सिवनी जिले के ईश्वरपुरी के रहने वाले थे. कुटिया के अंदर ही बाइक के नीचे उनका शव खून से लथपथ दबा पड़ा मिला है. पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में पता लगा है कि तारापुरी महाराज की हत्या संपत्ति विवाद में की गई है.
पुलिस का कहना है कि साधु की डेड बॉडी पर 5-6 जगह गहरी चोट के निशान मिला हैं. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है. सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: सिंहस्थ से पहले उज्जैन पुलिस को गुड बिहेवियर की ट्रेनिंग; 117 अधिकारी बनेंगे मास्टर ट्रेनर