Jabalpur: छात्र हितों को लेकर RDVV में ABVP का सद्बुद्धि महायज्ञ, विश्वविद्यालय में अव्यवस्थाओं पर उग्र आंदोलन की दी चेतावनी
एबीवीपी का सदबुद्धि महायज्ञ
Jabalpur News: तमाम प्रयासों के बावजूद जबलपुर का रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय लापरवाही, अनियमितताओं और भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुका है. विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद लगातार चरणबद्ध आंदोलन कर रही है. इसी आंदोलन के तहत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय परिसर में सद्बुद्धि महायज्ञ का आयोजन किया. विश्वविद्यालय परिसर के सामने कार्यकर्ता मंत्रोच्चारण के साथ यज्ञ में आहुति डालते नजर आए और विश्वविद्यालय प्रशासन को सद्बुद्धि देने के लिए ईश्वर से कामना की.
छात्र संगठनों के साथ एबीवीपी भी आंदोलन में शामिल
दरअसल, पिछले कुछ वर्षों से रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय में परीक्षाओं और परिणामों की लेटलतीफी, विश्वविद्यालय फीस प्रबंधन में लापरवाही, लेट फीस के मामलों में मनमानी और युवा उत्सव में छात्रों से कथित अवैध वसूली को लेकर लगातार आंदोलन किया जा रहा है. कई छात्र संगठनों के साथ-साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोले हुए है. कुछ दिनों पहले भी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर का घेराव किया था और कुलगुरु के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी.
परीक्षाओं में देरी से कई छात्रों का भविष्य अंधकार में
आंदोलन कर रहे छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय में अधिकारी और कर्मचारी मनमानी पर उतारू हो चुके हैं तथा छात्रों की कोई सुनवाई नहीं हो रही है. परीक्षाओं की लेटलतीफी की वजह से सैकड़ों छात्रों का भविष्य अंधकार में है. समय पर परीक्षाओं के परिणाम घोषित न होने के कारण छात्र अपना भविष्य तय नहीं कर पा रहे हैं. यही वजह है कि छात्रों के हित में लगातार आंदोलन किया जा रहा है. इसी कड़ी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के कर्मचारियों और अधिकारियों को सद्बुद्धि देने के उद्देश्य से महायज्ञ किया. इस दौरान विधिवत पुजारी द्वारा मंत्रोच्चारण के साथ कार्यकर्ताओं ने यज्ञ में आहुतियां डालीं.
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने चेतावनी दी है कि यदि छात्रों के हित में विश्वविद्यालय प्रबंधन द्वारा जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में विश्वविद्यालय में उग्र आंदोलन किया जाएगा.
ये भी पढे़ं- सदन में गूंजा भागीरथपुरा में हुई मौतों का मुद्दा, विधानसभा अध्यक्ष बोले- मामला कोर्ट में लंबित है