कान्हा टाइगर रिजर्व में एक और शावक की मौत, 3 दिन पहले इसी बाघिन का बच्चा मरा था, 2026 में MP में अब तक 22 बाघ मरे
File Photo
MP News: मध्य प्रदेश में बाघों की मौत का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है. कान्हा टाइगर रिजर्व में एक और शावक की मौत हो गई. कोर एरिये में शावक का शव पड़ा मिला है. शावक की उम्र एक से डेढ़ साल बताई जा रही है. बड़ी बात ये है कि जिस बाघिन का शावक मरा है, इसी बाघिन के एक शावक की तीन दिन पहले मौत हो गई थी.
मौत के कारणों का पता नहीं लग सका
बताया जा रहा है कि शावक का शव शुक्रवार को मुख्य क्षेत्र के सरही इलाके में मिला. टाइगर रिजर्व के अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों का पता नहीं लग सका है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. हालांकि आशंका जताई जा रही है कि बाघिन ने अपने बच्चे को दूध नहीं पिलाया है, जिसके कारण उसकी मौत हो गई.
3 दिन पहले हुई थी भाई की मौत
शुक्रवार को कान्हा टाइगर रिजर्व में जिस शावक की मौत हो हुई है, इसके भाई की मौत 3 दिन पहले हुई थी. बाघिन के चार शावक थे, इनमें से दो की मौत हो चुकी है. अब सिर्फ दो शावक ही बचे हैं. बता दें कि कान्हा टाइगर रिजर्व में एक महीने में अब तक 3 शावकों की मौत हो गई है.
टाइगर स्टेट में बाघों की मौत चिंता का विषय
मध्य प्रदेश को टाइगर स्टेट कहा जाता है. देश में सबसे ज्यादा बाघ यहीं पर हैं. मध्य प्रदेश में बाघ के 9 अभयारण्य हैं. इस साल में एमपी में देश में सबसे ज्यादा 22 बाघों की मौत हो चुकी है. इनमें शावक भी शामिल हैं. टाइगर स्टेट में इस तरह लगातार हो रही बाघों की मौत चिंता का विषय बनी हुई हैं.
वहीं कान्हा टाइगर रिजर्व की बात करें तो यहां पिछले 8 महीनों में 9 बाघ और 5 तेंदुओं की मौत हो चुकी है.
ये भी पढे़ं: CM मोहन यादव का प्रदेश के नाम संदेश, बोले- गेहूं उपार्जन अब 9 मई तक किया जाएगा, MP को मिल्क कैपिटल बनाएंगे