Bhopal Metro दो साल में करौंद और रत्नागिरी पहुंचेगी, इन रूट्स से होकर गुजरेगी
भोपाल मेट्रो
Bhopal Metro: भोपाल में एक जगह से दूसरे जगह से सफर और आसान रहने वाला है. मेट्रो के फेज-1 और फेज-2 का काम अगले दो साल में पूरा हो जाएगा. सुभाष नगर से करौंद और भदभदा से रत्नागिरी चौराहे तक मेट्रो साल 2028 तक पहुंच जाएगी. इससे लाखों यात्रियों का इसका लाभ मिलेगा.
सुभाषनगर-करौंद सेक्शन पर दो अंडरग्राउड स्टेशन
फेज-2 का निर्माण कार्य सुभाष नगर से करौंद तक किया जा रहा है. इसकी कुल लंबाई 9.6 किमी है. इसका 5.38 किमी हिस्सा एलिवेटेड होगा और बाकी भाग अंडरग्राउंड रहेगा. इस परियोजना पर अनुमानित खर्च 1540 करोड़ रुपये है. इसमें दो स्टेशन अंडरग्राउंड और बाकी ऐलिवेटेड होंगे. मेट्रो सुभाषनगर से चल कर पुल बोगदा, ऐशबाग, रेलवे स्टेशन, नादरा बस स्टैंड, सिंधी कॉलोनी, डीआईजी बंगला, कृषि उपज मंडी होते हुए करौंद तक जाएगी.
मेट्रो के फेज-3 की बात करें तो ये भदभदा चौराहे से रत्नागिरी चौराहे के बीच चलेगी. इसकी कुल लंबाई 14.16 किमी है. इस सेक्शन के 13 स्टेशन एलिवेटेड होंगे. इसका कार्य भी 2 सालों में पूरा हो जाएगा. इस प्रोजेक्ट की लागत लगभग 1006 करोड़ रुपये आएगी. इस रूट पर भदभदा चौराहा, डिपो चौराहा, जवाहर चौक, रौशनपुरा चौराहा, केटीसीसी, परेड ग्राउंड, प्रभात चौराहा, गोविंदपुरा, गोविंदापुरा इंडस्ट्रियल एरिया, जेके रोड, इंद्रपुरी, पिपलानी और रत्नागिरी चौराहा स्टेशन होंगे.
ये भी पढ़ें: Bhopal Metro: दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर होगा भोपाल मेट्रो सिग्नलिंग सिस्टम, 30 किमी के लिए 800 करोड़ का टेंडर जारी
‘यात्रियों की संख्या बढ़ाने में पर्यटन विभाग का सहयोग’
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर और भोपाल मेट्रो की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि राज्य में भोपाल और इंदौर मेट्रो के पहले चरण का कार्य पूरा होने के बाद आगामी चरणों का कार्य समय पर पूरा किया जाए. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मेट्रो में यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए पर्यटन विभाग का सहयोग लिया जाए.