भोपाल में बूंद-बूंद को तरसे 5 लाख लोग! कोलार पाइपलाइन में लीकेज से 5वें दिन भी सप्लाई नहीं, VIP इलाकों में पहुंचा टैंकर
भोपाल में जलापूर्ति पांचवें दिन भी बाधित
Water Tankers Reach VIP Areas: राजधानी भोपाल की लगभग 5 लाख जनता जल संकट से जूझ रही है. बूंद-बूंद के लिए लोगों को परेशान होना पड़ रहा है. कोलार पाइपलाइन में लीकेज होने की वजह से लगातार पांचवें दिन भी पानी की सप्लाई नहीं हो सकी है. इससे लोगों को दैनिक जरूरतों के लिए पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है. जलापूर्ति ठप हो जाने की वजह से टैंकर्स की मदद लेनी पड़ रही है.
वीआईपी इलाकों में टैंकर से सप्लाई
पानी की कमी से शहर के बड़े हिस्से में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. वीआईपी इलाके चार इमली, तुलसी नगर, शिवाजी नगर और 74 बंगला एरिया में टैंकर्स से पानी की सप्लाई की जा रही है. अमर उजाला की रिपोर्ट के मुताबिक जोन-8 के अंतर्गत आने वाले चार इमली और तुलसी नगर में 200 से 250 टैंकर्स की ट्रिप भेजी जा रही हैं. इन इलाकों में मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी रहते हैं.
वहीं, वाटर सप्लाई बाधित होने के कारण लोगों का कहना है कि उन्हें जरूरत के हिसाब से पानी की सप्लाई नहीं मिल पा रही है. टैंकर भी नहीं मिल रहे हैं. घंटों तक इंतजार करना पड़ रहा है. निजी टैंकर्स की मदद लेनी पड़ रही है. इसके विपरीत नगर निगम का दावा है कि प्रभावित इलाकों में 70 टैंकरों को भेजा गया है. रोजाना लगभग 490 टैंकर्स की ट्रिप कराई जा रही है.
शहर के ये इलाके प्रभावित हैं
जलापूर्ति में रुकावट आने से निशातपुरा, शाहजहांनाबाद, भोपाल टॉकीज, गिन्नौरी, शाहपुरा, त्रिलंगा, अरेरा कॉलोनी, शिवाजी नगर, कोलार, नेहरू नगर, कोटरा सुल्तानाबाद, एमपी नगर, गुलमोहर कॉलोनी सहित कई इलाके प्रभावित हैं.
ये भी पढ़ें: MP में यात्रियों की जेब पर पड़ सकता है असर! बस ऑपरेटर्स ने दी चेतावनी, किराए बढ़े नहीं तो करेंगे हड़ताल
कहां आ रही है रुकावट?
भोपाल नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य पूरा हो चुका है. थ्रस्ट ब्लॉक निर्माण और तकनीकी परीक्षण का कार्य किया जा रहा है. वहीं, महापौर मालती राय ने कहा है कि अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द कार्य खत्म करें और जलापूर्ति करें.