MP News: कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन पर जताया भरोसा, मध्य प्रदेश से बनाया राज्यसभा उम्मीदवार

MP News: कांग्रेस नेतृत्व ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है. पार्टी हाईकमान ने लंबे विचार-विमर्श के बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है.
Meenakshi Natarajan

मीनाक्षी नटराजन

MP News: भारतीय जनता पार्टी के बाद अब कांग्रेस ने भी मध्य प्रदेश से राज्यसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस नेतृत्व ने पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है. पार्टी हाईकमान ने लंबे विचार-विमर्श के बाद उनके नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है.

संगठन के भरोसेमंद चेहरे पर दांव

राजनीतिक गलियारों में कई वरिष्ठ नेताओं के नाम चर्चा में थे, लेकिन कांग्रेस ने अंततः एक ऐसी महिला नेता पर भरोसा जताया है, जिनकी पहचान संगठन के प्रति समर्पण, सादगी और गांधीवादी विचारधारा से जुड़ी रही है. मीनाक्षी नटराजन को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व, विशेष रूप से राहुल गांधी और सोनिया गांधी के करीबी तथा भरोसेमंद नेताओं में गिना जाता है. यही वजह मानी जा रही है कि पार्टी ने उन्हें अन्य दावेदारों पर प्राथमिकता दी है.

सादगी और ईमानदार कार्यशैली से बनाई पहचान

मीनाक्षी नटराजन मध्य प्रदेश की राजनीति का एक जाना-पहचाना चेहरा हैं. वर्ष 2009 में उन्होंने मंदसौर लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में प्रवेश किया था. वह वर्ष 2014 तक सांसद रहीं. सांसद रहते हुए उन्होंने अपनी सादगी और ईमानदार कार्यशैली के कारण अलग पहचान बनाई. पार्टी के भीतर उन्हें हमेशा एक अनुशासित और विचारधारा-आधारित नेता के रूप में देखा गया है.

कार्यकर्ताओं को सकारात्मक संदेश देने की कोशिश

कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं का मानना है कि मीनाक्षी नटराजन का नाम संगठन के कार्यकर्ताओं के लिए सकारात्मक संदेश देगा. पार्टी ऐसे समय में उन्हें राज्यसभा भेजने का प्रयास कर रही है, जब संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है.

विधायक दल की बैठक में होगा औपचारिक प्रस्ताव

जानकारी के अनुसार, शनिवार को प्रदेश प्रभारी के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी. बैठक में सभी विधायकों की सहमति से मीनाक्षी नटराजन के नाम का औपचारिक प्रस्ताव रखा जाएगा. हालांकि, उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला पहले ही कांग्रेस हाईकमान द्वारा लिया जा चुका है.

राज्यसभा चुनाव को लेकर बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

अब राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. भाजपा ने भी अपनी रणनीति तैयार कर रखी है. ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस अपनी सीट सुरक्षित रखने में कितनी सफल होती है. फिलहाल कांग्रेस ने मीनाक्षी नटराजन के रूप में एक ऐसे चेहरे पर दांव लगाया है, जिनकी पहचान संगठन के प्रति निष्ठा, सादगी और नेतृत्व के भरोसेमंद सहयोगी के रूप में रही है.

ये भी पढे़ं- MP News: भाजपा ने की राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घो‍षणा, तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया प्रत्याशी

ज़रूर पढ़ें