MP News: मध्य प्रदेश में 22 अफसरों को मिलेगा बड़ा प्रमोशन! 13 बनेंगे IAS और 9 को मिलेगा IPS कैडर

MP News: राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 13 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) तथा राज्य पुलिस सेवा (SPS) के 9 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है.
Vallabh Bhavan, Bhopal

वल्लभ भवन भोपाल

MP News: मध्य प्रदेश में इस वर्ष राज्य प्रशासनिक सेवा (SAS) के 13 अधिकारियों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) तथा राज्य पुलिस सेवा (SPS) के 9 अधिकारियों को भारतीय पुलिस सेवा (IPS) में पदोन्नति मिलने का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है. इन अधिकारियों के चयन के लिए संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक स्तर की समिति उनके सेवा रिकॉर्ड, गोपनीय चरित्रावली (CR) और कार्य प्रदर्शन का मूल्यांकन करेगी.

रिक्त पदों को भरने की तैयारी

जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में सेवानिवृत्त हुए प्रमोटी IAS और IPS अधिकारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए यह प्रक्रिया शुरू की गई है. सामान्य प्रशासन विभाग ने IAS पदोन्नति के लिए और गृह विभाग ने IPS अवार्ड के लिए संभावित अधिकारियों के नामों का चयन कर लिया है. संबंधित अधिकारियों को उनकी सेवा संबंधी जानकारियां और वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रारूप भी भेज दिए गए हैं.

39 नामों में से चुने जाएंगे 13 IAS

IAS पदोन्नति के लिए कुल 13 रिक्त पदों के मुकाबले 39 अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा. इनमें मुख्य रूप से वर्ष 2007 और 2008 बैच के राज्य प्रशासनिक सेवा अधिकारी शामिल हैं. अधिकारियों की पात्रता और सेवा रिकॉर्ड की समीक्षा के बाद अंतिम सूची UPSC को भेजी जाएगी. इसके साथ ही विभागीय पदोन्नति समिति (DPC) की बैठक की तिथि तय करने का प्रस्ताव भी भेजा जाएगा.

कुछ अधिकारियों के मामलों पर संशय

बताया जा रहा है कि 1999 बैच के जयेंद्र विजयवत और मनोज मालवीय आयु संबंधी मानकों के कारण चयन प्रक्रिया से बाहर हो चुके हैं. वहीं 2002 बैच के कमल नागर का मामला न्यायालय में लंबित होने से उनका नाम भी फिलहाल विचार से बाहर रह सकता है.

संभावित सूची में मिनिषा पांडे, इला तिवारी, नीता राठौर, शैलेंद्र सिंह सोलंकी, रानी पासी, रंजना देवड़ा, माधवी नागेंद्र, वर्षा सोलंकी, प्रियंका गोयल, अभिषेक दुबे, नरोत्तम प्रसाद भार्गव, निधि सिंह राजपूत, निमिषा जायसवाल और संदीप सोनी समेत कुल 39 अधिकारी शामिल हैं. वहीं 2007 बैच की सपना एम. लोवंशी का नाम जांच लंबित होने के कारण अंतिम सूची से बाहर हो सकता है.

IPS अवार्ड की प्रक्रिया अंतिम चरण में

दूसरी ओर, IPS अवार्ड के लिए गृह विभाग की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच चुकी है. नौ रिक्त पदों के लिए विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक आयोजित करने संबंधी प्रस्ताव भेजा जा चुका है. इस बार 1997 और 1998 बैच के राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों के नामों पर विचार किया जाएगा.

27 अधिकारियों के नामों पर होगा विचार

IPS पदोन्नति की दौड़ में सीताराम, अमृत मीणा, निमिषा पांडेय, राजेश मिश्रा, मलय जैन, अमित सक्सेना, मनीषा सोनी, सुमन गुर्जर, संदीप मिश्रा, सब्यसाची सर्राफ, समर वर्मा और सत्येंद्र सिंह तोमर सहित कुल 27 अधिकारी शामिल हैं. हालांकि अमृत मीणा के जाति प्रमाण पत्र से जुड़े मामले और राजेश मिश्रा के खिलाफ चल रही विभागीय जांच के कारण उनके मामलों पर अंतिम निर्णय DPC की बैठक में लिया जाएगा. आवश्यकता पड़ने पर इनके मामलों को सीलबंद लिफाफे में रखकर भी विचार किया जा सकता है.

DPC बैठक पर टिकी निगाहें

अब सभी की निगाहें विभागीय पदोन्नति समिति की बैठक पर टिकी हैं, जहां अधिकारियों की सेवा पुस्तिका, उपलब्धियों और गोपनीय रिपोर्ट के आधार पर अंतिम चयन किया जाएगा.

ये भी पढे़ं- MP News: ट्र‍ेनिंग पर जाएंगे एमपी के 20 IAS अफसर, सामान्‍य विभाग ने जारी किया आदेश

ज़रूर पढ़ें