‘उपचुनाव का इतना महत्व नहीं होता…’, दतिया की हार के बाद कैलाश विजयवर्गीय ने कहा- चिंतन करेंगे

Datia By Election: उपचुनाव में मिली इस हार के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उपचुनाव का इतना अधिक महत्व नहीं होता है. लेकिन फिर भी हार तो हार होती है और जीत, जीत होती है.
Minister Kailash Vijayvargiya

मंत्री कैलाश विजयवर्गीय

Datia By Election: मध्य प्रदेश के दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने 6,016 वोटों से भाजपा के आशुतोष तिवारी को हरा दिया. उपचुनाव में मिली इस हार के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि उपचुनाव का इतना अधिक महत्व नहीं होता है. लेकिन फिर भी हार तो हार होती है और जीत, जीत होती है. उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा है कि इस पर हम चिंतन करेंगे.

बांकीपुर सीट पर भी बोले कैलाश विजयवर्गीय

वहीं, कैलाश विजयवर्गीय ने बिहार की बांकीपुर सीट पर भाजपा की हार को लेकर कहा कि बिहार चुनाव में मैं गया था. बांकीपुर की सीट नीतिन नबीन की व्यक्तिगत सीट थी, उनके व्यवहार के कारण वह सीट मजबूत थी. इस बार नीतिन नबीन चुनाव नहीं लड़े, इसलिए चुनावी समीकरण गड़बड़ा गए. उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि व्यक्ति आधारित सीटों पर इस तरह की घटनाएं होती हैं.

हेमंत खंडेलवाल बोले- जनादेश का सम्मान

उपचुनाव के नतीजों पर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पार्टी मतदाताओं द्वारा दिए गए जनादेश का पूरी विनम्रता के साथ सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों का विस्तार से विश्लेषण किया जाएगा और तथ्यों के आधार पर आगे की रणनीति तैयार की जाएगी.

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि इससे पहले अमरवाड़ा और बुधनी विधानसभा उपचुनाव में जनता ने बीजेपी पर भरोसा जताया था और पार्टी ने जीत दर्ज की थी. दतिया के फैसले को भी पार्टी पूरी गंभीरता और सम्मान के साथ स्वीकार करती है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि संगठन को और मजबूत बनाते हुए जनता की सेवा का काम पहले की तरह जारी रहेगा.

सीएम मोहन यादव बोले- जनता का फैसला शिरोधार्य

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भी दतिया उपचुनाव के परिणाम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि लोकतंत्र में जनता का निर्णय सर्वोपरि होता है और भारतीय जनता पार्टी उसका सम्मान करती है. उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी ने प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत हासिल की, जो आजादी के बाद पहली बार संभव हुआ. इसके अलावा विधानसभा उपचुनाव में बुधनी सीट बरकरार रखने के साथ अमरवाड़ा जैसी कांग्रेस की सीट भी बीजेपी ने अपने नाम की.

मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी ने राज्यसभा की तीनों सीटों पर भी जीत दर्ज की है. उन्होंने कहा कि चुनाव लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा हैं, जिसमें सभी दल अपनी बात जनता के सामने रखते हैं और अंतिम फैसला मतदाता करते हैं. जनता के निर्णय को स्वीकार करते हुए पार्टी आगे आने वाले चुनावों में और मजबूती के साथ मैदान में उतरेगी.

ये भी पढे़ं- ‘कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास गई’, दतिया में BJP की हार पर CM मोहन यादव बोले- आने वाले चुनाव में और ताकत से लड़ेंगे

ज़रूर पढ़ें