‘पत्रकार और नेता के अच्‍छे संबंध नहीं होने चाहिए’, अमृता राय बोलीं – दिग्विजय सिंह चलती-फिरती किताब

Amrita Rai Exclusive Interview: अमृता राय ने कहा कि दिग्विजय सिंह को जनसेवा की राजनीति में 10 में से 10 नंबर दिए, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उनके जीवन पर लिखी जाने वाली किताब में उनकी गलतियों का भी निष्पक्ष उल्लेख होना चाहिए.
Amrita Rai Exclusive Interview

अमृता राय का विशेष साक्षात्कार

Amrita Rai Exclusive Interview: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की पत्नी और पत्रकार अमृता राय ने अपने बेबाक अंदाज में राजनीति, पत्रकारिता, आस्था और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कई सवालों के जवाब दिए. विस्तार न्यूज़ के ग्रुप एडिटर ब्रजेश राजपूत के साथ विशेष बातचीत में उन्होंने दिग्विजय सिंह के व्यक्तित्व से लेकर नर्मदा परिक्रमा और सत्य सनातन यात्रा के उद्देश्य तक पर खुलकर बात की.

अमृता राय ने कहा कि दिग्विजय सिंह की पत्नी होने के बावजूद पत्रकारिता के सिद्धांतों से उनका कोई समझौता नहीं है. उन्होंने दिग्विजय सिंह को जनसेवा की राजनीति में 10 में से 10 नंबर दिए, लेकिन साथ ही यह भी कहा कि उनके जीवन पर लिखी जाने वाली किताब में उनकी गलतियों का भी निष्पक्ष उल्लेख होना चाहिए.

पत्रकारिता और रिश्ते अपनी-अपनी जगह

अमृता राय ने कहा कि पत्रकारों और नेताओं के बीच बहुत अच्छे संबंध नहीं होने चाहिए, क्योंकि पत्रकारिता का काम सत्ता और राजनीति से सवाल करना है. उन्होंने स्पष्ट किया कि दिग्विजय सिंह की पत्नी होने के बावजूद पत्रकारिता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता बरकरार है. उन्होंने कहा, “मैं उनकी पत्नी जरूर हूं, लेकिन मेरा पत्रकारिता से बिल्कुल भी समझौता नहीं है.” उन्होंने बताया कि जब पत्रकारिता के उसूलों पर दिग्विजय सिंह को परखने की बात आती है, तो वह उन्हें भी अपनी राय बताती रहती हैं.

दिग्विजय सिंह के जीवन में आराम नहीं

दिग्विजय सिंह की सक्रियता और विचारों पर चर्चा करते हुए अमृता राय ने कहा कि उनके जीवन में आराम के लिए जगह ही नहीं है. उनकी गतिशीलता और विचारों की रफ्तार इतनी तेज है कि वह खुद भी उनसे मेल नहीं बैठा पातीं. अमृता राय के मुताबिक, किसी भी काम को करने के लिए मानसिक रूप से तैयार होना जरूरी है. यदि व्यक्ति खुद को मन से तैयार कर ले, तो वह कठिन से कठिन काम भी कर सकता है.

नर्मदा परिक्रमा ने सिखाया यात्रा का असली अर्थ

अमृता राय ने बताया कि यात्रा का वास्तविक महत्व उन्हें नर्मदा परिक्रमा के दौरान समझ आया. उस समय उनकी तबीयत खराब हुई थी, लेकिन यात्रा के दौरान मिले अनुभवों ने उन्हें अलग तरह से समृद्ध किया. उन्होंने कहा कि गाड़ी में बैठकर वह अनुभव नहीं मिल सकते, जो रास्तों पर चलते हुए और लोगों से मिलते हुए हासिल होते हैं. उनके मुताबिक, यात्रा के अनुभवों को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त करना संभव नहीं है.

उन्होंने कहा कि यात्रा का अर्थ केवल पैदल चलना नहीं है. इसका उद्देश्य लोगों के अनुभवों को समझना, एक-दूसरे के दुख-दर्द को बांटना और समाज से जुड़ना भी होना चाहिए.

नर्मदा में मां की छवि, लोगों से महसूस हुआ जन्मों का रिश्ता

नर्मदा परिक्रमा को निजी संकल्पों को पूरा करने वाली धार्मिक यात्रा बताते हुए अमृता राय ने कहा कि इस दौरान उन्होंने नर्मदा के प्रभाव को करीब से महसूस किया. परिक्रमा के रास्ते में जब लोग मिलते थे, तो ऐसा लगता था कि उनसे जन्मों का रिश्ता है. कच्चे रास्तों, पत्थरों और कंकड़ों से गुजरने के दौरान उन्हें प्रकृति और आस्था से जुड़ने का अवसर मिला. उन्होंने कहा कि नर्मदा उन्हें मां की तरह लगती हैं और नर्मदा उनके भीतर भी बसी हुई हैं.

सत्य सनातन यात्रा का उद्देश्य सामाजिक समरसता

सत्य सनातन यात्रा को अमृता राय ने सामाजिक समरसता और सामाजिक जागरण की यात्रा बताया. उन्होंने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य जनजागृति पैदा करना है. इसका प्रतिफल क्या होगा, यह समय बताएगा, लेकिन यात्रा के पीछे लोगों को जागरूक करने और समाज को जोड़ने की भावना है.

दिग्विजय सिंह को जनसेवा की राजनीति में 10 में से 10 नंबर

दिग्विजय सिंह की राजनीतिक कार्यशैली का मूल्यांकन करते हुए अमृता राय ने कहा कि यदि राजनीति का अर्थ जनसेवा है, तो वह उन्हें 10 में से 10 नंबर देती हैं. हालांकि, यदि राजनीति का मतलब कुटिलता और राजनीतिक चालें हैं, तो उस मामले में वह उन्हें कमजोर मानती हैं. उन्होंने कहा कि राजनीति का असली उद्देश्य ईमानदारी से लोगों के बीच रहना और उनकी सेवा करना होना चाहिए. इस कसौटी पर दिग्विजय सिंह सफल हैं.

राम मंदिर के चंदे पर बोलीं- राम की मर्यादा पर खरा उतरना भी जरूरी

राम मंदिर के चंदे से जुड़े विवाद पर अमृता राय ने कहा कि चंदे की चोरी का मामला लोगों के सामने है. उनके मुताबिक, कानूनी कार्रवाई और अदालत की सुनवाई अपनी जगह है, लेकिन राम की मर्यादा पर खरा उतरना भी जरूरी है. उन्होंने कहा कि भगवान राम का नाम लेना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके आदर्शों के अनुरूप आचरण करना भी जरूरी है. मर्यादा की कसौटी पर कौन खरा उतरता है, इसका फैसला जनता करेगी.

दिग्विजय सिंह पर एक नहीं, कई किताबें लिखी जानी चाहिए

दिग्विजय सिंह के जीवन पर किताब लिखने के सवाल पर अमृता राय ने उन्हें एक चलती-फिरती किताब बताया. उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन और व्यक्तित्व पर कई किताबें लिखी जानी चाहिए. हालांकि, इन किताबों का उद्देश्य केवल उनकी प्रशंसा करना नहीं होना चाहिए. एक अच्छे राजनेता के रूप में उनके उभरने, उनके फैसलों, उपलब्धियों और गलतियों का भी निष्पक्ष विश्लेषण होना चाहिए. अमृता राय ने कहा कि दिग्विजय सिंह पर लिखी जाने वाली किताब में उनकी कमियों को भी जगह मिलनी चाहिए, क्योंकि किसी व्यक्ति को समझने के लिए उसकी प्रशंसा के साथ उसकी गलतियों को जानना भी जरूरी है.

ज़रूर पढ़ें