Bhopal: विधानसभा में कांग्रेस का प्रदर्शन, उमंग सिंघार बोले-जनता के असली मुद्दों से भाग रही है सरकार

Bhopal: मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया.
Umang Singhar

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार

Bhopal: मध्यप्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के दूसरे दिन समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया. नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के नेतृत्व में कांग्रेस विधायक दल ने विधानसभा परिसर में यूसीसी के विरोध में सांकेतिक प्रदर्शन किया. कांग्रेस विधायकों ने भाजपा सरकार पर प्रदेश के वास्तविक जनसरोकारों से ध्यान भटकाने का आरोप लगाते हुए सरकार को “मुर्दों की सरकार” करार दिया.

उमंग सिंघार ने सरकार पर लगाए कई आरोप

प्रदर्शन के दौरान उमंग सिंघार ने कहा कि भाजपा सरकार प्रदेश की जनता की समस्याओं के प्रति पूरी तरह संवेदनहीन हो गई है. किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही, युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं, महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और प्रदेश में भ्रष्टाचार व घोटालों के मामले सामने आ रहे हैं, लेकिन सरकार इन मुद्दों पर चर्चा करने से बच रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जानबूझकर यूसीसी, हिंदू-मुस्लिम और तथाकथित लव जिहाद जैसे विषयों को आगे बढ़ाकर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है.

शासन की विफलताओं को छिपाना चाहती है-उमंग सिंघार

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि यदि भाजपा सरकार वास्तव में जनता के हितों के प्रति गंभीर है तो उसे किसानों, बेरोजगार युवाओं, महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और बढ़ती महंगाई जैसे मुद्दों पर जवाब देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि यूसीसी जैसे विषयों को जल्दबाजी में आगे बढ़ाकर सरकार अपने शासन की विफलताओं को छिपाना चाहती है. कांग्रेस विधायक दल ने स्पष्ट किया कि वह विधानसभा के भीतर और बाहर जनता से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाता रहेगा.

सुरक्षा और बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य के लिए संघर्ष लगातार जारी

पार्टी ने कहा कि प्रदेश की जनता के अधिकारों, किसानों के हित, युवाओं के रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा और बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए उसका संघर्ष लगातार जारी रहेगा. कांग्रेस ने भाजपा सरकार से जनहित के मूल मुद्दों पर जवाब देने और यूसीसी जैसे विषयों के जरिए राजनीतिक ध्रुवीकरण की राजनीति से बचने की मांग की.

ये भी पढे़ं: PM सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर 78 हजार तक की सब्सिडी; घर की छत पर लगाएं, बिल से मिलेगी मुक्ति

ज़रूर पढ़ें