34 देश, ₹3,729 करोड़ का निवेश…. मध्य प्रदेश बनेगा दुनिया का पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन
एमपी ट्रैवल मार्ट, फाइल फोटो
भोपाल में आयोजित मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026 (MPTM) के सातवें संस्करण में राज्य को वैश्विक स्तर पर बड़ी कामयाबी मिली है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हुए इस तीन दिवसीय आयोजन में 34 देशों के 100 से अधिक विदेशी टूर ऑपरेटर्स और देश के 15 राज्यों के 180 से ज्यादा घरेलू ऑपरेटर्स ने हिस्सा लिया. इस आयोजन की सबसे खास बात ये है कि मध्यप्रदेश को ₹3,729 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं.
एमपी ट्रैवल मार्ट 2026 में निवेश प्रस्ताव के अलावा 10,263 बिजनेस-टू-बिजनेस (B2B) बैठकों ने प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं को वैश्विक मंच दिया. आयोजन में विदेशी प्रतिनिधियों की भागीदारी में 7 नए देशों के जुड़ने और घरेलू ऑपरेटर्स की संख्या में वृद्धि दर्ज की गई इसलिए 177 स्टॉल लगाए गए.
ग्लोबल टूरिज्म का हब बन रहा ‘मध्यप्रदेश’…🌍 ‘मध्यप्रदेश ट्रैवल मार्ट 2026’ में प्राप्त हुए ₹3,729 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलेंगे @DrMohanYadav51 @tourismdeptmp #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #MPTM2026
— Chief Minister, MP (@CMMadhyaPradesh) October 10, 2026
848.40 करोड़ के निवेश का समझौता
एमआरवीएच रिसॉर्ट्स के अनुसार, ट्रैवल मार्ट 2026 में सीहोर के रामगढ़ में एआरएम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड ने गोल्फ कोर्स, विला, वेलनेस रिसॉर्ट और लक्जरी होटल के लिए 848.40 करोड़ के निवेश का समझौता किया. इसके अलावा राजसन होटल्स ने बांधवगढ़, सतपुड़ा और कान्हा के आसपास वन्यजीव रिसॉर्ट विकसित करने के लिए 520 करोड़ का समझौता किया.
ओंकारेश्वर में 200 करोड़ का रमाडा रिसॉर्ट बाय विंडहैम वर्ष 2026 के अंत तक पूरा करने की योजना है. इतना ही नहीं ये कंपनी अन्य स्थलों पर 150 करोड़ का अतिरिक्त निवेश भी करेंगे. आयोजन में रामको ग्रुप ने 120-140 करोड़, वराय होटल्स ने उज्जैन में 80 करोड़ और इवॉल्व बैक ने मांडू में 50 करोड़ की परियोजनाओं पर चर्चा की.
ओरछा में रिसोर्ट के लिए निवेश
ओरछा में 50 करोड़ के रिसॉर्ट के लिए पालिया कंस्ट्रक्शन को और पन्ना के लक्ष्मीपुर पैलेस में 10 करोड़ के हेरिटेज होटल के लिए वीरेंद्र जादौन एवं रत्न जादौन को लेटर ऑफ अवॉर्ड (LOA) दिया गया. खजुराहो-पन्ना, जबलपुर-भोपाल और उज्जैन-मक्सी मार्गों पर सुविधा केंद्र विकसित करने की मंजूरी दी गई.
फिल्म निर्माण में भी हुए समझौते
इस आयोजन फिल्म निर्माण कंपनी द वायरल फीवर (TVF) और KRARK फैमिली ऑफिस ने भी हिस्सा लिया. TVF संस्थापक अरुणाभ कुमार ने ‘पंचायत’ और ‘गुल्लक’ की मध्यप्रदेश में शूटिंग का उल्लेख किया। स्थानीय युवाओं को सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन का प्रशिक्षण देने पर भी जोर दिया गया. दोनों ही कंपनियों के साथ फिल्म निर्माण एवं फिल्म पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समझौता हुआ. इसके साथ ही कई अन्य क्षेत्रों में भी निवेश के रास्ते खुले हैं.
ये भी पढ़ें: Indore: ‘गुंजाइश न हो तो विवाह न खीचें’, हाई कोर्ट ने कहा-सहमति से तलाक के लिए 6 महीने का इंतजार जरूरी नहीं