MP News: भाजपा ने की राज्यसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की घोषणा, तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल को बनाया प्रत्याशी
रजनीश अग्रवाल और तरुण चुग
MP News: भाजपा ने मध्य प्रदेश में दो राज्यसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है. पार्टी ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुग और एमपी भाजपा के प्रदेश सचिव रजनीश अग्रवाल को अपना प्रत्याशी बनाया है.
तरुण चुग और रजनीश अग्रवाल दोनों ही पार्टी में लबें समय से सक्रिय है, जिसके चलते भाजपा ने दोनों नेताओं पर भरोसा जताते हुए राज्यसभा का टिकट दिया है.

कौन हैं तरुण चुग?
तरुण चुग पंजाब के अमृतसर से संबंध रखते हैं और वर्तमान में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव के रूप में कार्यरत हैं. उन्हें पार्टी के प्रमुख रणनीतिक और संगठनात्मक नेताओं में गिना जाता है. भाजपा ने उन्हें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और तेलंगाना जैसे महत्वपूर्ण राज्यों की जिम्मेदारी भी सौंपी है. चुनावी अभियानों और संगठन विस्तार में उनकी सक्रिय भूमिका रही है. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और भाजपा के साथ उनका जुड़ाव लंबे समय से रहा है. वर्ष 2023 में पार्टी ने उन पर दोबारा भरोसा जताते हुए लगातार दूसरी बार राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी थी. इसके अलावा मणिपुर में विधायक दल के नेता के चयन के दौरान उन्हें केंद्रीय पर्यवेक्षक की भूमिका भी दी गई थी.
रजनीश अग्रवाल का राजनीतिक सफर
रजनीश अग्रवाल मध्य प्रदेश भाजपा में प्रदेश सचिव के पद पर कार्यरत हैं. संगठन के भीतर उन्हें बूथ प्रबंधन और चुनावी रणनीति के जानकार नेता के रूप में देखा जाता है. पार्टी के जमीनी ढांचे को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के नेटवर्क को प्रभावी बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है. लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहते हुए उन्होंने प्रदेश स्तर पर कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं. वे उन नेताओं में शामिल हैं जो प्रचार से दूर रहकर संगठनात्मक कामकाज को मजबूती देने पर अधिक ध्यान देते हैं. भाजपा के चुनावी ढांचे और कार्यकर्ता तंत्र को सशक्त बनाने में उनके योगदान को विशेष रूप से उल्लेखनीय माना जाता है.