MP में बस से सफर हुआ महंगा, किराया 75 पैसे प्रति किमी बढ़ा, ऑपरेटर वसूलेंगे 2 रुपये प्रति किमी

MP News: मध्य प्रदेश में यात्री बसों से सफर करने वालों पर अब अतिरिक्त किराए का बोझ पड़ेगा. सरकार ने बस किराए में 75 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है.
High bus fares (File photo)

बस किराया महंगा (फाइल फोटो)

MP News: मध्य प्रदेश में यात्री बसों से सफर करने वालों पर अब अतिरिक्त किराए का बोझ पड़ेगा. सरकार ने बस किराए में 75 पैसे प्रति यात्री प्रति किलोमीटर की बढ़ोतरी को मंजूरी दी है. इसके बाद प्रदेश में यात्री बसों का नया किराया 2 रुपये प्रति किलोमीटर हो गया है. इससे पहले यात्रियों से करीब 1.25 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से किराया लिया जा रहा था. नई दर लागू होने के बाद बैतूल से भोपाल, नागपुर, अमरावती और इंदौर समेत कई प्रमुख शहरों के बीच बस यात्रा महंगी हो जाएगी.

ऑपरेटरों ने बढ़ती लागत का दिया हवाला

बस संचालक लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे थे. उनका कहना था कि डीजल की कीमत, मोटरयान कर, बीमा, बसों के रखरखाव और कर्मचारियों के वेतन समेत संचालन से जुड़े खर्च लगातार बढ़े हैं. इसके बावजूद वर्ष 2021 के बाद किराए में महंगाई के अनुपात में कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं हुई. ऑपरेटरों ने सरकार के सामने 2.50 रुपये प्रति किलोमीटर किराया करने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन फिलहाल सरकार ने 2 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की है.

बैतूल से इन शहरों की यात्रा होगी महंगी

इस फैसले का असर बैतूल जिले से अलग-अलग शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा. भोपाल, नागपुर, अमरावती और इंदौर के अलावा इटारसी, नर्मदापुरम, मुलताई, आमला, शाहपुर और भैंसदेही रूट पर चलने वाली बसों में भी बढ़ी हुई दर के हिसाब से किराया लिया जाएगा. रोजाना नौकरी, कारोबार या पढ़ाई के सिलसिले में बस से आने-जाने वाले लोगों के लिए इससे हर महीने यात्रा का खर्च बढ़ सकता है.

7 अगस्त तक सरकार को दिया था समय

किराया बढ़ाने को लेकर प्रदेश के मोटर मालिकों की 26 जुलाई को सागर में बैठक हुई थी. बैठक के बाद बस ऑपरेटरों ने सरकार को मांग पर निर्णय लेने के लिए 7 अगस्त तक का समय दिया था. तय समय के बाद सरकार की ओर से किराया बढ़ाने का आदेश जारी किया गया. इससे बस संचालकों की प्रस्तावित हड़ताल की स्थिति टल गई है और यात्रियों को बस सेवाएं बंद होने की संभावित परेशानी से राहत मिली है.

इंदौर रूट पर भी बढ़ेगा किराया

इंदौर जाने वाले यात्रियों को भी अब अधिक किराया चुकाना पड़ेगा. इस रूट पर बस के प्रकार और ऑनलाइन टिकट बुकिंग के आधार पर किराए में अंतर रहता है. फिलहाल इंदौर रूट पर करीब 350 रुपये से 400 रुपये तक किराया लिया जा रहा है, जिसमें नई दर लागू होने के बाद बढ़ोतरी होना तय है. नए किराए से लंबी दूरी के साथ-साथ नियमित रूप से बस से सफर करने वाले यात्रियों के बजट पर भी असर पड़ने की संभावना है.

ये भी पढे़ं- एमपी में महंगा होगा बस का सफर, सरकार ने 75 फीसदी तक बढ़ाया किराया, बस ऑपरेटर्स की हड़ताल से पहले एक्शन

ज़रूर पढ़ें