मल्लिकार्जुन खड़गे कल सिंघार-पटवारी के साथ करेंगे बैठक, कमलनाथ और दिग्विजय भी हो सकते हैं शामिल
मल्लिकार्जुन खड़गे, जीतू पटवारी, दिग्विजय सिंह
Mallikarjun Kharge Meet Singhar Patwari: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे शनिवार (5 जून) को मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, पीसीसी चीफ जीतू पटवारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के साथ बैठक करेंगे. ये मीटिंग खड़गे के दिल्ली स्थित आवास 10, राजाजी मार्ग पर होगी. बताया जा रहा है कि इस बैठक में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी उपस्थित हो सकते हैं.
राज्यसभा सीट को लेकर हो सकती है चर्चा
खड़गे के घर पर होने वाली ये बैठक किस विषय पर होने वाली है, फिलहाल इस बारे में खुलासा नहीं हुआ है. किसी भी नेता ने इस बारे में कोई बयान नहीं दिया है. राज्यसभा के लिए 18 जून को वोटिंग होनी है. मध्य प्रदेश में तीन सीटें खाली हो रही हैं. इस मीटिंग के बारे में कहा जा रहा है कि राज्यसभा सीट को लेकर चर्चा हो सकती है. नामों को लेकर चर्चा हो सकती है. हालांकि चर्चा के विषय का खुलासा नहीं हुआ है.
मध्य प्रदेश की ये सीट खाली हो रही हैं
मध्य प्रदेश की तीन राज्यसभा सीट खाली हो रही हैं. राज्यसभा सांसद जॉर्ज कुरियन, दिग्विजय सिंह और सुमेर सिंह सोलंकी का कार्यकाल 21 जून 2026 को पूरा होने जा रहा है. इनमें दो बीजेपी और एक कांग्रेस सांसद है. बीजेपी इस बार तीनों सीटों पर कब्जा करने की कोशिश करेगी. दो सीटों के लिए तो बीजेपी के पास पर्याप्त संख्या है लेकिन तीसरी सीट के लिए पार्टी को दूसरी पार्टियों के विधायक की सहायता लेनी पड़ेगी. ऐसा केवल कांग्रेस विधायक के साथ आने से ही हो सकता है.
कांग्रेस के पास 63 विधायक हैं. विजयपुर से विधायक मुकेश मल्होत्रा की विधायकी रद्द हो चुकी है. वहीं, दतिया से विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता धोखाधड़ी के मामले में रद्द हो गई है. वहीं, बीना विधायक निर्मला सप्रे भी बीजेपी कार्यक्रमों में शामिल होने लगी हैं. सिंघार ने विधानसभा अध्यक्ष के पास सप्रे की विधायकी रद्द करने के लिए आवेदन भी दिया है.
इन नामों पर हो रही चर्चा
राज्यसभा सीट के चुनाव के लिए कांग्रेस से कई नेताओं की चर्चा हो रही है. जिनमें जीतू पटवारी, कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, मिनाक्षी नटराजन और सज्जन वर्मा जैसे दिग्ग्जों का नाम शामिल है. दिग्विजय सिंह दोबारा राज्यसभा जाने के लिए मना कर चुके हैं. वहीं सज्जन वर्मा का कहना है कि मौका मिलता है तो वे जरूर राज्यसभा का चुनाव लड़ेंगे.