अनुराग जैन को नीति आयोग के CEO की कमान, एमपी के नए मुख्य सचिव बने अशोक बर्णवाल
नीति आयोग के CEO बने अनुराग जैन, IAS अशोक बर्णवाल मुख्य सचिव बनाए गए
MP News: मध्य प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी देते हुए नीति आयोग का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है. कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के अधीन कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) ने मंगलवार को उनकी नियुक्ति के आदेश जारी कर दिए.
अशोक बर्णवाल बने मुख्य सचिव
मध्य प्रदेश सकार के सीनियर IAS ऑफिसर अशोक बर्णवाल को राज्य का मुख्य सचिव बनाया गया है. बर्णवाल अनुराग जैन का स्थान ग्रहण करेंगे. वे साल 1991 बैच के अधिकारी हैं. वर्तमान में अशोक बर्णवाल लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं. इसके साथ ही उनके पास भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास का अतिरिक्त प्रभार भी है. खाद्य सुरक्षा आयुक्त की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं. आगामी आदेश तक अस्थायी तौर पर उन्हें इसकी जिम्मेदारी मिली है.
जल्द कार्यमुक्त होने की संभावना
अनुराग जैन का मुख्य सचिव के रूप में कार्यकाल अगस्त 2026 के अंतिम सप्ताह तक था. हालांकि, नीति आयोग में नई जिम्मेदारी मिलने के बाद अब उनके जल्द कार्यमुक्त होने की संभावना है. इसके बाद प्रदेश को नया मुख्य सचिव मिलेगा. दिलचस्प बात यह रही कि नियुक्ति आदेश जारी होने से कुछ घंटे पहले ही अनुराग जैन ने भोपाल में अधिकारियों के साथ हाईलेव बैठक की और विभिन्न विभागों की समीक्षा की थी. उस समय तक उनके केंद्र में नई जिम्मेदारी संभालने की औपचारिक घोषणा नहीं हुई थी.
मुख्य सचिव का पद क्यों महत्वपूर्ण है?
मुख्य सचिव राज्य का सबसे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी होता है. वह मुख्यमंत्री का प्रमुख प्रशासनिक सलाहकार होने के साथ-साथ पूरे राज्य के प्रशासनिक तंत्र का प्रमुख समन्वयक होता है. सभी विभागों के बीच तालमेल, नीतियों के क्रियान्वयन और शासन-प्रशासन की निगरानी की जिम्मेदारी मुख्य सचिव के पास होती है. ऐसे में इस पद पर होने वाली नियुक्ति को राज्य की सबसे महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्तियों में माना जाता है.
ये भी पढ़ें: ACS राजेश राजौरा को मिला MP के मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार, ससुर के निधन पर CS अनुराग जैन 5 दिनों की छुट्टी पर गए