MP का 71वां स्थापना दिवस आज, भोपाल में तीन दिनों का राज्योत्सव, जानें आपके जिले में क्या है खास

Madhya Pradesh 71th Foundation Day: मध्य प्रदेश 71वां स्थापना दिवस मना रहा है. भोपाल में तीन दिनों का राज्योत्सव कार्यक्रम मनाया जाएगा. पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम मोहन यादव ने बधाई और शुभकामनाएं दी है. राज्य के हर जिले में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे
madhya pradesh 71th foundation day

मध्य प्रदेश का 71वां स्थापना दिवस

Madhya Pradesh 71th Foundation Day: मध्य प्रदेश आज 71वां स्थापना दिवस मना रहा है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके लिखा कि विरासत का गौरव और विकास की नई उड़ान ही अब मध्य प्रदेश की नई पहचान है. प्रदेश में तेजी से हो रहे औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन, बढ़ती कृषि विकास दर सहित पर्यटन सुविधाओं में तेज वृद्धि से प्रदेश की अर्थ-व्यवस्था को नई ऊर्जा, नया संबल मिला है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश के स्थापना दिवस पर बधाई दी है. सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि मध्य प्रदेश के सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं.हमारा यह प्रदेश गौरवशाली विरासत, समृद्ध संस्कृति और अद्भुत प्राकृतिक सौंदर्य की भूमि है. यहां के विश्वविख्यात धरोहर स्थल इसकी ऐतिहासिक पहचान को और भव्य बनाते हैं.

उन्होंने आगे लिखा कि मध्य प्रदेश के लोगों ने अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता से हर क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है. कृषि, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और इंफ्रास्ट्रक्चर से लेकर इनोवेशन तक, प्रदेश नित-नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। अपने सर्वांगीण विकास के साथ आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में भी यह अहम भूमिका निभा रहा है.

भोपाल में तीन दिनों का राज्योत्सव

राजधानी भोपाल में 1 नवंबर से 3 नवंबर 2026 तक तीन दिनों का राज्योत्सव मनाया जाएगा. लाल परेड ग्राउंड पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. सीएम मोहन यादव 1 नवंबर को ‘राज्योत्सव’ को भव्य शुभारंभ करेंगे. ‘विरासत से विकास के पथ की ओर अग्रसर प्रदेश’ की केंद्रीय थीम पर आयोजित इस राज्यस्तरीय समारोह में प्रदेश की सात दशकों की गौरवशाली विकास यात्रा, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आधुनिक उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा.

राज्योत्सव के पहले दिन सीएम सुबह 11 बजे आधुनिक कृषि प्रदर्शनी, विकास दीर्घा, महिला उद्यमिता मंडप और ‘स्वाद-देशज व्यंजन मेला’ का उद्घाटन कर अवलोकन करेंगे. साथ ही शाम को 6:30 बजे मुख्य सांस्कृतिक समारोह का शुभारंभ करेंगे.

लोक कलाकार देंगे प्रस्तुति

मुख्यमंत्री इस मौके पर ‘भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति’ के तहत 102 छात्रों को 1-1 लाख रुपये की स्कॉलरशिप प्रदान करेंगे. ‘किसान स्वाभिमान पर्व क्विज’ के 165 विजेताओं को 55 ट्रैक्टर, 55 बुलेट मोटरसाइकिल और 55 ई-स्कूटर वितरित किए जाएंगे. सिंगर मोनाली ठाकुर और मामे खान जैसे गायक अपने सुरों का जलवा बिखेरेंगे. लोककला और संस्कृति से जुड़े कलाकार प्रस्तुतियां देंगे.

ये भी पढ़ें: MP के स्थापना दिवस की तीन दिनों तक रहेगी धूम, मोनाली-मामे खान बांधेंगे समां, 102 छात्रों को मिलेंगे 1-1 लाख रुपये

भोपाल के लिए ट्रैफिक प्लान

भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रम के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है. भारी भीड़ के मद्देनजर पार्किंग की विशेष व्यवस्था और डायवर्जन लागू किया है. बिना पास वाले वाहनों के लिए शाम 6 बजे से डायवर्जन लागू रहेगा. ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 0755-2677340 जारी किया गया है.

जिला स्तर पर होंगे प्रोग्राम

मध्य प्रदेश का स्थापना दिवस कार्यक्रम जिले स्तर पर आयोजित किया जाएगा. इन कार्यक्रमों में राज्य की विरासत से लेकर विकास की कहानियां प्रदर्शित की जाएगी. लोगों को जोड़ने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा. इसके साथ ही लोक कला का प्रदर्शन किया जाएगा. स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इन कार्यक्रमों से जुड़ेंगे.

ज़रूर पढ़ें