MP में धनतेरस पर 4500 करोड़ का कारोबार, खूब खरीदे सोने-चांदी, 26000 गाड़ियों की बिक्री

MP Dhanteras Commercial Activities: मध्य प्रदेश में धनतेरस पर बाजार गुलजार दिखाई दिए. सोना-चांदी के गहने, कपड़ों, वाहनों और दूसरे सामानों की जमकर बिक्री हुई. व्यापारिक संगठनों के मुताबिक प्रदेश में 4500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ.
Madhya pradesh Dhanteras Commercial Activities

भोपाल: धनतेरस के मौके पर बर्तनों की खरीदारी करते लोग (स्त्रोत- ANI)

MP Dhanteras Commercial Activities: मध्य प्रदेश में धनतेरस पर बाजार गुलजार दिखाई दिए. सोना-चांदी के गहने, कपड़ों, वाहनों और दूसरे सामानों की जमकर बिक्री हुई. व्यापारिक संगठनों के मुताबिक प्रदेश में 4500 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हुआ. भोपाल-इंदौर समेत बड़े शहरों की बात करें तो 26 हजार से ज्यादा वाहनों की बिक्री हुई.

भोपाल में 16000 से ज्यादा वाहन बिके

धनतेरस के अवसर पर राजधानी भोपाल के बाजारों में अच्छी-खासी रौनक देखने को मिली. लोगों ने 16000 वाहन खरीदे. इलेक्ट्रिक वाहनों की सबसे ज्यादा डिमांड रही. कुल वाहनों में से 13 फीसदी ईवी रहे. स्कूटी, बाइक के साथ-साथ एसयूवी की मांग रही. हालांकि वाहनों की बिक्री में गिरावट देखने को मिली. पिछले साल के मुकाबले 2 फीसदी कम खरीदारी हुई. 40 करोड़ की प्रॉपर्टी के सौदे हुए. वहीं, 668 संपत्तियों की रजिस्ट्रियां हुईं, जिससे राज्य सरकार को 13 करोड़ का राजस्व मिला.

इंदौर में लक्जरी गाड़ियों की रही डिमांड

इंदौर के अलग-अलग बाजारों में धनतेरस की चमक देखने को मिली. राजबाड़ा, क्लाथ मार्केट, सराफा समेत छोटे-बड़े मार्केट में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और करोड़ों रुपये की खरीदारी की. पारंपरिक सामान जैसे झाड़ू, पूजा की सामग्री, बर्तन के साथ-साथ सोने-चांदी के जेवर, कपड़े, इलेक्ट्रॉनिक सामान और वाहनों में लोगों का रूझान देखने को मिला. आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) वाले इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स की डिमांड रही. लक्जरी गाड़ियों ऑडी-मर्सिडीज में बिकवाली रही. 1.70 करोड़ की जीएलएस मर्सिडीज कार की बिक्री भी धनतेरस को हुई.

जबलपुर, ग्वालियर और उज्जैन में आंकड़ा 1000 करोड़ पार

राजधानी भोपाल और इंदौर की तरह जबलपुर, ग्वालियर एवं उज्जैन में लोगों ने बढ़-चढ़कर खरीदारी की. जबलपुर के गोरखपुर, बड़ा फुहारा-छोटा फुहारा, कमानिया गेट, गंजीपुरा समेत सभी मार्केट को मिला कर करीब 600 करोड़ खरीदारी हुई. ग्वालियर के महाराजबाड़ा में लोगों का हुजूम देखने मिला. व्यापारिक संगठनों के मुताबिक रात 9 बजे तक शहर में 400 करोड़ रुपये की बिक्री हुई. इसमें से वाहनों की खरीदारी करीब 200 करोड़ की हुई. वहीं, धार्मिक नगरी उज्जैन में भी 100 करोड़ से ज्यादा बिकवाली देखने को मिली.

ज़रूर पढ़ें