‘अर्नब’ के बाद ‘मुरासु’ से MP में होगी बारिश, मऊगंज-विदिशा में दिखा कोहरा, रीवा-सतना में रेनफॉल का अलर्ट

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में 'अर्नब' तूफान के बाद 'मुरासु' का असर देखने को मिलेगा. राज्य के पूर्वी हिस्से में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी. नवंबर के पहले हफ्ते में ही ठंड का आवक देखने को मिल गई है. मऊगंज-विदिशा समेत कई जिलों में कोहरा देखने को मिला.
mp weather update

मध्य प्रदेश मौसम (स्त्रोत - ANI)

MP Weather Update: चक्रवात अर्नब की वजह से मध्य प्रदेश के आधे हिस्से में बारिश हुई. भोपाल, रीवा, सागर, जबलपुर और शहडोल संभागों के जिलों में जमकर बारिश हुई. इसने मौसम को पूरी तरह बदलकर रख दिया. तापमान में गिरावट देखने को मिली. नवंबर के पहले हफ्ते में लोगों को जैकेट और स्वेटर का सहारा लेना पड़ा. अब एक और तूफान ‘मुरासु’ तेजी से एमपी की ओर बढ़ रहा है.

‘मुरासु’ से मध्य प्रदेश में होगी बारिश

बंगाल की खाड़ी में ‘मुरासु’ ने चक्रवाती तूफान का रूप धारण कर लिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार तूफान आंध्र प्रदेश तट से सोमवार को टकरा सकता है. इसकी रफ्तार 20 किमी प्रति घंटे रहने की आशंका जताई गई है. आईएमडी के मुताबिक ये तेलंगाना, महाराष्ट्र होते हुए मध्य प्रदेश पहुंचेगा. इसके असर से राज्य पूर्वी हिस्से में बारिश और तेज हवा चलेगी. मौसम विभाग ने रीवा, जबलपुर और शहडोल संभाग के कई जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.

मऊगंज कोहरे की चादर में लिपटा

ठंड का असर दिखने लगा है. मऊगंज, टीकमगढ़ और विदिशा में कोहरे का असर देखने को मिला. कोहरे की वजह से विजिबिलिटी कम हो गई. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.

इन जिलों के लिए बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, मैहर और पांढुर्णा में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है. प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम शुष्क बना रहेगा.

ज़रूर पढ़ें