‘राहुल गांधी थोड़े समझदार हो जाएं…’, मंत्री विश्वास सारंग ने छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर कसा तंज
मंत्री विश्वास सारंग
Vistaar Health Conclave: मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित विस्तार हेल्थ कॉन्क्लेव में मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि युवाओं को गलत परिवेश में स्थापित करने की कोशिश की जा रही है. युवा वो है, जो किसी भी कालखंड में शांति और समाज के लिए सकारात्मक भूमिका निभाए. युवा को किसी एक इवेंट तक सीमित नहीं करना चाहिए.
टीवी पर दिखने वाला ही युवा नहीं
सारंग ने कहा कि युवा पीढ़ी वो नहीं है, जो टीवी पर दिखाई दे. कुछ दिन पहले जिस तरह से युवा पीढ़ी को दिखाने की कोशिश की गई, वह युवाओं की पूरी तस्वीर नहीं है. युवा पीढ़ी वो भी है, जिन्होंने घर-घर और गांव-गांव गणपति की स्थापना की. टीवी की स्क्रीन पर दिखने वाले केवल युवा नहीं हैं, वो भी युवा हैं, जो अपनी संस्कृति के साथ जुड़े हुए हैं.
युवा मां का मजाक उड़ाने वाला नहीं
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि युवा वो नहीं है, जो मंच से मां का मजाक उड़ाए. युवा आज भी स्वामी विवेकानंद बनना चाहते हैं. युवाओं को किसी एक मंच या कार्यक्रम से परिभाषित नहीं किया जा सकता. युवा अपनी संस्कृति और समाज से जुड़कर भी देश के निर्माण में भूमिका निभा रहे हैं.
राहुल गांधी पर साधा निशाना
राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए सारंग ने कहा कि राहुल गांधी समझ ही नहीं पा रहे हैं कि युवा क्या चाहते हैं. छात्रों की गूंज कार्यक्रम केवल उनके कार्यकर्ताओं का कार्यक्रम था. उसमें केवल एनएसयूआई के लोग थे. मंच उन्हीं लोगों ने राहुल गांधी के साथ शेयर किया.
सारंग ने कहा कि अगर छात्रों की गूंज कार्यक्रम में इतनी भीड़ होती, तो उनकी सरकार होती. राहुल गांधी जात-पात, धर्म और वर्ग की राजनीति से ऊपर उठें और थोड़े समझदार हो जाएं, क्योंकि वो नेता प्रतिपक्ष हैं.
भाजपा और संघ प्रमुख के दौरे पर क्या कहा?
भाजपा नेताओं और संघ प्रमुख के मध्य प्रदेश दौरे को लेकर मंत्री ने कहा कि इसका सरकार से संबंधित कोई विषय नहीं है. उनके दौरे होते रहते हैं और ये दौरे पहले से तय होते हैं.
उन्होंने कहा कि युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का काम अगर किसी ने किया है तो भाजपा ने किया है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है. भाजपा में चाय बेचने वाला भी प्रधानमंत्री बना है. शिवराज भी मुख्यमंत्री बने हैं, जिनके परिवार में दो एकड़ जमीन भी नहीं थी.
पीएम मोदी सबकी पसंद
सारंग ने कहा कि देश के सबसे पसंदीदा नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं. हर वर्ग उन्हें पसंद करता है. मध्य प्रदेश में मोहन यादव की सरकार को लेकर मंत्री ने कहा कि सब बेहतर चल रहा है. दतिया का विषय अब पुराना हो गया है. नरोत्तम मिश्रा हमारे नेता हैं.
ये भी पढे़ं- Vistaar Health Conclave live: राहुल गांधी का कार्यक्रम छात्रों की नहीं, कांग्रेस की गूंज थी- बोले विश्वास सारंग