MP Weather: एमपी में मानसून की विदाई से पहले बरसेंगे बादल! 21 सितंबर तक बारिश का दौर, जानें मौसम का हाल

MP Weather: सितंबर के आखिरी हफ्ते में इसकी विदाई शुरू हो जाएगी. मानसून की विदाई से पहले प्रदेश में तेज बारिश का एक दौर फिर आ सकता है.
MP monsoon news today

मध्‍य प्रदेश मौसम

MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मानसून अब अपने अंतिम चरण में है, लेकिन विदाई से पहले प्रदेश में बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के 17 सितंबर को जारी बुलेटिन के मुताबिक 17 से 21 सितंबर तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है. वहीं 19 सितंबर के आसपास पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल होने के संकेत हैं.

इन जिलों में बारिश के ज्यादा आसार

मौसम विभाग के अनुसार सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, अनूपपुर, शहडोल और डिंडोरी में अनेक स्थानों पर बारिश हो सकती है. भोपाल, विदिशा, रायसेन, सीहोर, नर्मदापुरम, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सतना, उमरिया, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, मैहर और पांढुर्णा में कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है.

इंदौर-उज्जैन समेत इन इलाकों में भी बौछारें

राजगढ़, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, इंदौर, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, मंदसौर और नीमच में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.

30-40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

बारिश के साथ कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं का असर रह सकता है. मौसम विभाग ने कई जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है. लोगों को तूफान के दौरान पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है.

कम दबाव का क्षेत्र बढ़ाएगा बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक सौराष्ट्र और उससे लगे उत्तर-पूर्वी अरब सागर के ऊपर कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है. वहीं उत्तर थाईलैंड के ऊपर बना चक्रवाती परिसंचरण 18 सितंबर की शाम के आसपास उत्तर अंडमान सागर में पहुंच सकता है. इसके प्रभाव से 19 सितंबर की शाम के आसपास वहां कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जो अगले 3-4 दिनों में दक्षिण ओडिशा और उत्तर आंध्र प्रदेश तट की ओर बढ़ सकता है.

कई जिलों में पहले ही हुई बारिश

पिछले 24 घंटों में रीवा संभाग के कई स्थानों, शहडोल और सागर संभाग के कुछ स्थानों तथा भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल और जबलपुर संभागों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज हुई. हटपिपल्या में सबसे ज्यादा 45 मिमी, रहटगढ़ में 29.4 मिमी और सतना में 25.2 मिमी बारिश दर्ज की गई.

ये भी पढे़ं- MP Weather: आज फिर गरजेंगे बादल, शाम को बौछारों से बदल सकता है मौसम का मिजाज, जानें IMD अपडेट

ज़रूर पढ़ें