राजगढ़ में पागल कुत्ते का आतंक, एक ही दिन में 26 लोगों को काटा

Rajgarh: यह मामला इतना खतरनाक इसलिए माना जा रहा है क्योंकि, पागल कुत्ते ने एक दिन के भीतर 26 लोगों को निशाना बनाया है. कुत्ते ने लोगों के पैर पर काटा है. घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया.
rajgarh

राजगढ़

Rajgarh: मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. यहां के खिलचीपुर के बाजार में घूम रहा एक पागल कुत्ता लोगों के डर का कारण बना हुआ है. एक तरफ तो देशभर में त्यौहार का सीजन चल रहा है. लोग अपने घरों से बाहर निकलकर खरीदारी या तैयारी में जुटे हुए हैं. वहीं दूसरी ओर, राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है. यहां, एक कुत्ते ने लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया है.

एक ही दिन में कुत्ते ने 26 लोगों को काटा

यह मामला इतना खतरनाक इसलिए माना जा रहा है क्योंकि, पागल कुत्ते ने एक दिन के भीतर 26 लोगों को निशाना बनाया है. कुत्ते ने लोगों के पैर पर काटा है. घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया. जहां उन्हें एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाया गया. घायलों के मुताबिक, त्यौहार के समय कुत्ता बाजार में सामान लेने जाने वालों पर अटैक कर रहा है.

सीएम हेल्पलाइन पर भी की गई शिकायत

पैदल चल रहे लोगों पर कुत्ता हमला करता है साथ ही जो लोग गाड़ी से आना जाना करते हैं उनके पीछे दौड़कर उनपर भी हमला कर देता है. पीड़ित लोगों द्वारा इसकी शिकायत प्रशासन के साथ साथ सीएम हेल्पलाइन में भी की गई है. हालांकि, अभी तक आवारा कुत्ता पकड़ा नहीं गया है.

पीड़ितों ने क्या बताया ?

एक पीड़ित ने बताया कि, उन्होंने 181 पर शिकायत दर्ज करा दी है. वहीं दूसरे पीड़ित ने बताया कि,वे सामान लेने गए हुए थे तभी कुत्ते ने उन्हें स्कूटी पर काट लिया. कुत्ता अचानक पीछे से आया और पैर पकड़ लिया. 5-6 लोगों ने जैसे-तैसे उन्हें छुड़ाया. उन्होंने बताया, यही हालत 25-30 लोगों की हो गई है. पीड़ितों ने आवारा कुत्ते को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग की है.