Vistaar NEWS

MP News: बड़वाह में ‘जय श्री गणेश परिवार’ और सद्गुरुदेव के खिलाफ टिप्पणी से भड़के लोग, सड़क पर किया विरोध प्रदर्शन

People are angry after comments against 'Jai Shri Ganesh Parivar' and Sadgurudev.

'जय श्री गणेश परिवार' और सद्गुरुदेव के खिलाफ टिप्पणई के बाद लोगों में गुस्सा.

Input- पीयूष शर्मा

MP News: बड़वाह में सोशल मीडिया पर ‘जय श्री गणेश परिवार’ और सद्गुरुदेव भगवान के खिलाफ की गई अपमानजनक टिप्पणियों ने लोगों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. रविवार को इस अपमान के विरोध में हजारों की संख्या में गुरुभक्तों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया. कृषि उपज मंडी से प्रारंभ हुई इस विशाल ‘मौन रैली’ में न केवल बड़वाह, बल्कि सनावद और धार से भी बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और बच्चे शामिल हुए.

‘आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करके भावनाओं को ठेस पहुंचाया’

भक्तों का आरोप है कि बड़वाह निवासी राहुल अवस्थी और इंजीनियर राज वर्मा द्वारा पिछले कई दिनों से फेसबुक और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अत्यंत निम्न स्तरीय भाषा का प्रयोग किया जा रहा है. गुरुभक्तों ने बताया कि पिछले 3 वर्षों से परिवार के सकारात्मक कार्यों की पोस्ट डाली जा रही हैं, लेकिन उक्त व्यक्तियों द्वारा ‘आतंकवादी’ और ‘कटोरा लेकर भीख मांगना’ जैसे शब्दों का उपयोग कर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई गई. इससे समाज में अनावश्यक वैमनस्य और तनाव की स्थिति निर्मित हो रही है. शाम करीब 5 बजे शुरू हुई यह रैली जब शहर के मुख्य मार्गों से गुजरी, तो भक्तों का काफिला दूर-दूर तक नजर आया. हाथों में तख्तियां लिए हजारों लोग मौन रहकर अपना विरोध दर्ज करा रहे थे. रैली जब पुलिस थाना परिसर पहुंची, तो वहां पैर रखने की जगह नहीं बची. पूरा परिसर गुरुभक्तों से खचाखच भर गया. रैली के समापन पर भक्तों ने एसडीएम सत्यनारायण दर्रो को ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन में मांग की गई कि दोषियों के खिलाफ सायबर/आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 353 (धार्मिक भावनाएं आहत करना) के तहत वैधानिक व दंडात्मक कार्रवाई की जाए. भक्तों ने नाराजगी जताई कि 28 अप्रैल को थाने में आवेदन देने के बावजूद अपमानजनक पोस्ट का सिलसिला नहीं रुका है.

‘किसी की आस्था का अपमान करना अभिव्यक्ति की आजादी नहीं’

एक महिला गुरुभक्त ने कहा कि संविधान में अभिव्यक्ति की आजादी है, लेकिन किसी की आस्था का अपमान करने की आजादी किसी को नहीं है. हमारे गुरुदेव हमारे लिए देवतुल्य हैं और उनके खिलाफ कोई भी अनर्गल टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

पूर्व विधायक हितेंद्र सिंह सोलंकी, नपाध्यक्ष राकेश गुप्ता, हरभजन सिंह भाटिया, श्याम माहेश्वरी ने कहा कि यह केवल गुरुदेव का नहीं, बल्कि पूरे हिंदू धर्म और हजारों भक्तों का अपमान है. प्रशासन को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए. एसडीएम ने कहा कि आवेदन के आधार पर जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी. एसडीओपी अर्चना रावत ने कहा की जिन लोगों ने गुरुदेव के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की है, उनके ऊपर विधि अनुसार कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान बड़ी संख्या में समाजसेवक, जनप्रतिनिधि और जय श्री गणेश परिवार के सदस्य उपस्थित रहे.

ये भी पढ़ें: MP News: मऊगंज में कलेक्ट्रेट के लिए उजाड़ दिए आशियाने! PM आवास भी ढहा दिया, 7 आदिवासी परिवार बेघर

Exit mobile version