‘सेठ के यहां बेटा हुआ, आपको इनाम दिलवा देंगे…’, बुजुर्ग महिला को ठगों ने बनाया शिकार, मंगलसूत्र-टॉप्स लेकर हुए फरार
सांकेतिक तस्वीर
MP News: ग्वालियर में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है. शहर के मुरार इलाके में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग महिला को दिनदहाड़े ठग लिया है. ठगों ने बुजुर्ग को अपनी बातों में उलझाया और उसके साथ ठगी कर ली. ठग बुजुर्ग महिला को इनाम दिलाने के बहाने अपने साथ लेकर गए और एक गली में जाने के बाद कहने लगे की इनाम के लिए गरीब दिखाना जरुरी है और फिर बुजुर्ग महिला के गहनों को उतरवा लिया. कुछ दूरी तक साथ चलने के बाद ठग गायब हो गए.
बताया जा रहा है कि मुरार क्षेत्र में ठगी की यह दूसरी वारदात है, इससे पहले भी कोतवाली थाना क्षेत्र में दो और जनकगंज में एक बुजुर्ग के साथ ठगी की घटना सामने आ चुकी है. फिलहाल पुलिस अभी तक आरोपियों को पकड़ नहीं पाई है.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, घटना लाल टिपारा स्थित गैस गोदाम के पास रहने वाली एक 60 वर्षीय रामवती कुशवाहा बाजार गई हुई थी. बुजुर्ग महिला को बाजार में पंखा खरीदना था साथ ही सब्जी भी लेनी थी. महिला पंखा ने पंखा खरीद लिया और सब्जी के खरीदने के लिए जा ही रही थी कि इसी दौरान रास्ते में दो युवक आए. एक युवक ने सिर पर टोपी लगाई हुई थी. दोनाें युवक ने महिला को गली में ले जाकर उसके गहने उतरवा लिए और मौके से गायब हो गए.
सेठ के घर गरीब दिखना जरुरी
दोनों युवकों ने महिला को अकेला देखा और बोले कि अम्मा हमारे सेठ के घर बेटा हुआ है. अगर आप साथ चलेंगी तो अच्छा इनाम दिलवा देंगे. बुजुर्ग महिला युवकों के झांसे में आ गई. बुजुर्ग को युवक अपने साथ लेकर गए और करीब 500 मीटर दूर ले जाकर एक गली में मुड़ गए. युवक महिला से कहने लगे कि सेठ का घर थोड़ी ही दूर है और वहां जाने के लिए गरीब दिखना जरुरी है.
बुजुर्ग ने पुलिस में की शिकायत
युवकों ने बुजुर्ग से कहा कि आप अपने गहने उतार दो, इसके बाद बुजुर्ग महिला ने मंगलसूत्र और टाप्स उतार दिए. गहने उतारने के बाद महिला को युवकों ने कहा कि आप आगे चलो और फिर पीछे से दोनों गायब हो गए. जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो युवक गायब हो गए. बुजुर्ग महिला उसी समय समझ गई की वह ठगी का शिकार हो गई है. महिला तुरंत अपने घर पहुंची और परिजनों के साथ थाने पहुंची. रात में पुलिस ने मामले की जांच की और आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी कैमरों को चेक कर रही है.