Jabalpur Cruise Incident: क्रूज हादसे में 2 और बच्चों के शव बरामद, मरने वालों की संख्या 11 पहुंची; लापता लोगों की तलाश जारी
बरगी डैम हादसे में NDRF की टीम ने एक और शव बरामद किया.
Jabalpur Cruise Incident: जबलपुर के बरगी क्रूज हादसे में 2 और शव बरामद किए गए हैं. हादसे में मरने वालों की संख्या 11 पहुंच गई है. शनिवार को एनडीआरएफ की टीम ने दो बच्चों के शव बरामद किए हैं. इनमें एक बच्चे की पहचान विरोज सोनी(6) के रूप में हुई है. वहीं दूसरे लापता लोगों की तलाश की जा रही है.
मौसम के कारण रेस्क्यू में परेशानी
रेस्क्यू टीम लगातार बरगी डैम में लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई है. लेकिन बताया जा रहा है कि अचानक से मौसम ने करवट ली है, तेज आंधी और तूफान के कारण रेस्क्यू करने में परेशानी हो रही है. तेज हवाओं के कारण रेस्क्यू टीम को ऑपरेशन रोकना पड़ रहा है.
सिस्टम की लापरवाही ने ले ली 11 लोगों की जान!
बता दें गुरुवार को जबलपुर के बरगी डैम में क्रूज पलटने से बड़ा हादसा हो गया. जिसने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया. इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जबकि 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. क्रूज पर 40 से ज्यादा लोग सवार थे.
इस हादसे में सिस्टम की बड़ी लापरवाही सामने आई है. हादसे के पहले कई वीडियो सामने आए थे. जिसमें क्रूज पर सवार किसी भी यात्री ने लाइफ जैकेट नहीं पहनी थी. क्रूज पर बैठने वाले लोगों को लाइफ जैकेट पहनना सुनिश्चित करवाना स्टाफ की जिम्मेदारी होती है. लेकिन किसी भी जिम्मेदार ने अपनी ड्यूटी को नहीं निभाया. क्रूज पर लाइफ जैकेट तो थे, लेकिन सब सील पैक्ड. यहां तक कि जब क्रूज पर पानी भर गया तो किसी को लाइफ जैकेट पहनने का मौका भी नहीं मिला. इस तरह के पर्यटन स्थल पर केवल क्रूज स्टाफ का ही नहीं बल्कि इसमें एसडीएम से लेकर कलेक्टर तक की जिम्मेदारी होती है कि नियमों का पालन करवाया जाए. जिससे इस तरह के हादसे टाले जा सकें.
2 लापता लोगों की तलाश जारी
जानकारी के मुताबिक अभी भी 2 लापता लोगों की तलाश की जा रही है. लापता लोगों की तलाश में लगातार एनडीआरएफ-एसडीआरएफ और प्रशासन की टीम सुबह से जुटी हुई है. रेस्क्यू के लिए एसडीआरएफ टीम के पास पर्याप्त उपकरणों की भी कमी बताई जा रही है. जबलपुर जैसे जिले की जनसंख्या को देखते हुए यहां लगभग 100 एसडीआरएफ जवानों की जरूरत होनी चाहिए, लेकिन एसडीआरएफ के जवानों की संख्या 10 से 12 ही है.
ये भी पढे़ं: MP News: किसानों के लिए जरूरी खबर, अब बिना ई-टोकन नहीं मिलेगा खाद