भोजशाला पर फैसले के बाद पहला शुक्रवार आज, महाआरती की जाएगी, मुस्लिम पक्ष सुप्रीम कोर्ट पहुंचा

Dhar Bhojshala: इस फैसले के बाद हिंदू पक्ष परिसर में दोपहर 1 से 3 बजे के बीच महाआरती का आयोजन करेगा. अनुमान जताया जा रहा है कि बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं. वहीं, भोज उत्सव समिति ने कलश यात्रा का आयोजन रखा था जिसे बाद में रद्द कर दिया गया.
Dhar Bhojshala

धार भोजशाला

Dhar Bhojshala: धार की प्रसिद्ध भोजशाला पर मध्य प्रदेश हाई कोर्ट की इंदौर खंडपीठ के फैसले के बाद आज पहला शुक्रवार है. उच्च न्यायालय ने इसे मंदिर घोषित किया है. इस फैसले के बाद हिंदू पक्ष परिसर में दोपहर 1 से 3 बजे के बीच महाआरती का आयोजन करेगा. अनुमान जताया जा रहा है कि इसमें बड़ी संख्या में लोग जुट सकते हैं. वहीं, भोज उत्सव समिति ने कलश यात्रा का आयोजन रखा था जिसे बाद में रद्द कर दिया गया.

2 हजार जवान तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी

किसी भी स्थिति निपटने के लिए प्रशासन ने पूरी व्यवस्था की है. शहर में 2 हजार से ज्यादा जवानों को तैनात किया गया है. जगह-जगह बैरकेडिंग की गई. इसके साथ ही संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है. सोशल मीडिया पर भी नजर रखी जा रही है. किसी भी हलचल पर नजर बनाए रखने के लिए ड्रोन और CCTV कैमरों की मदद ली जा रही है.

पुलिस अधीक्षक की दो टूक

भोजशाला में होने वाले आयोजनों को लेकर धार एसपी सचिन शर्मा और धार कलेक्टर राजीव रंजन मीना के नेतृत्व में बड़ा फ्लैग मार्च निकाला गया. फ्लैग मार्च में जनता को संबोधित करते हुए धार एसपी सचिन शर्मा ने कड़े शब्दों में कहा कि यदि कोई हाई कोर्ट के आदेश का गलत तरीके से अनुवाद कर रहे हैं. उसका गलत तरीके से प्रचार-प्रसार कर रहे हैं. उनको मैं यह आखरी बार समझाइश देने आया हूं.

उन्होंने आगे कहा कि अब तक का समय उनका था यानी गुरुवार तक का समय उनका था. अब कानून का पालन होगा विधि का शासन होगा, जिसमें हिम्मत है जिनको ऐसा लगता है कि वह ऐसा कर सकता है. वह प्रयास कर ले, हम पूरी तरीके से तैयार हैं और वह यह मानकर चलें उसके खिलाफ उसने सोचा भी नहीं होगा ऐसी कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ‘अब SC ही करेगा फैसला…’, एमपी के पूर्व सीएम का भोजशाला विवाद पर बड़ा बयान, नीट पेपर लीक पर भी बोले

सुप्रीम कोर्ट पहुंचा मुस्लिम पक्ष

मुस्लिम समाज के सदर और भोजशाला मामले के पक्षकार अब्दुल समद मीडिया से बात करते हुए कहा कि मुस्लिम समाज सुप्रीम कोर्ट गया हैं. हमारी स्पेशल लीव पेटीशन सुप्रीम कोर्ट में दायर हो गई है. हमें पूरी उम्मीद हैं कि हाई कोर्ट को जो मिसगाइड किया गया हैं, वो सुप्रीम कोर्ट में सुधार होगा और हम फिर कमाल मौला मस्जिद में नमाज पढ़ेंगे. इसी के साथ समद ने ये भी कहा कि मुस्लिम समाज शुक्रवार को अपने मोहल्ले की मस्जिद में नमाज पढ़ेगा. हाथों पर काली पट्टी बांधकर अपने व्यवसाय बंद रख कर संविधान के दायरे में रह कर विरोध प्रदर्शन करेंगे.

ज़रूर पढ़ें