Bhopal: गैस एजेंसी स्टॉक में बड़ी हेराफेरी! बिना सिलेंडर डिलीवरी के उपभोक्ताओं को भेज दिए मैसेज, लोगों ने किया विरोध
एलपीजी गैस सिलेंडर
Bhopal News: भोपाल के जेके रोड स्थित मिनाल रेसीडेंसी में संचालित फिनिक्स गैस एजेंसी (एचपी) में स्टॉक में हेरफेर का मामला सामने आया है. शुरुआती जांच में यह खुलासा हुआ है कि 40 से अधिक उपभोक्ताओं के यहां सिलेंडर पहुंचे बिना ही उनके मोबाइल पर डिलीवरी के संदेश भेज दिए गए. शिकायतें बढ़ने पर उपभोक्ताओं ने विरोध दर्ज कराया, जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई.
स्टॉक में गड़बड़ी और जांच में खुलासे
जांच के दौरान सामने आया कि 8 और 9 अप्रैल को एजेंसी को कुल 684 सिलेंडरों के दो ट्रक भेजे गए थे. आरोप है कि इनमें से कई सिलेंडर बिना ओटीपी सत्यापन के ही वितरित दिखा दिए गए. इस अनियमितता के बाद कंपनी ने फिलहाल नया स्टॉक रोक दिया था और अब पुराने स्टॉक के रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है.
पुरानी जांच के बीच लगे नए आरोप
खाद्य विभाग के हस्तक्षेप के बाद अब सीमित रूप से नया स्टॉक जारी किया गया है. बताया जा रहा है कि पूर्व सहायक आपूर्ति अधिकारी बीपी शर्मा ने अपने कार्यकाल के दौरान एजेंसी की सख्ती से जांच शुरू की थी, जिसमें कई गड़बड़ियां सामने आई थीं. आरोप यह भी हैं कि दबाव बनाकर बाद में एजेंसी का अधिग्रहण किया गया. साथ ही रिश्तेदारों के नाम पर अन्य एजेंसियों की भी जांच की जा रही है, हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. जांच रिपोर्ट जल्द ही कलेक्टर प्रियंक मिश्रा को सौंपे जाने की बात कही जा रही है.
खाद्य आयुक्त ने मांगी रिपोर्ट
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने कलेक्टर से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है. जिला आपूर्ति शाखा के अधिकारी रिपोर्ट तैयार करने में जुटे हैं. जिला आपूर्ति नियंत्रक चंद्रभान सिंह जादौन के अनुसार, एचपी कंपनी को पत्र लिखकर स्टॉक का सत्यापन कराया जा रहा है.
शादी वाले घरों के लिए नई व्यवस्था
इधर गैस की कमी को देखते हुए शादी वाले परिवारों के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है. इसके तहत अब कलेक्टोरेट स्थित खाद्य विभाग कार्यालय में आवेदन देने पर दो कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे. आवेदन के साथ शादी का कार्ड और पहचान पत्र जमा करना अनिवार्य होगा. सत्यापन के बाद आवेदन संबंधित गैस एजेंसी को भेजा जाएगा, जहां 4400 रुपए जमा करने पर सिलेंडर दिया जाएगा, जबकि गैस की कीमत अलग से चुकानी होगी. इस व्यवस्था के पहले दिन 12 आवेदन प्राप्त हुए हैं.
ये भी पढे़ं- शादी के लिए चाहिए LPG तो पहले देना होगा कार्ड, कमर्शियल गैस सिलेंडर वितरण पर नई व्यवस्था लागू