Morena News: दो साल पहले बना पुल दरकने लगा, सड़क धंसी… राहगीरों की जान पर मंडरा रहा खतरा

Morena News: पुल की एप्रोच रोड के नीचे बनी सुरक्षा दीवारों में भी बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं. इन दरारों को छिपाने के लिए कुछ स्थानों पर सीमेंट-रेत भर दिया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो दीवार कभी भी ढह सकती है.
Bindwa Bridge

पुल में दरारें आ गई हैं

इनपुट-मनोज शर्मा

Morena News: मुरैना जिले में विकास कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में है. जिले के बिंडवा गांव में क्वारी नदी पर करीब दो साल पहले बने पुल में गंभीर दरारें आ गई हैं, जबकि पुल की एप्रोच रोड भी कई स्थानों पर धंस चुकी है. हालत यह है कि पुल से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है.

बारिश में उखड़ी सड़क और बने गड्ढे

स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुल निर्माण के एक साल के भीतर ही कई जगह दरारें दिखाई देने लगी थीं. सड़क धंसने के बाद ठेकेदार द्वारा सीसी सड़क पर डामर की परत बिछाकर मरम्मत की गई, लेकिन बारिश शुरू होते ही वह परत भी उखड़ गई और जगह-जगह गड्ढे बन गए.

एप्रोच रोड की दीवारों में दरारें

पुल की एप्रोच रोड के नीचे बनी सुरक्षा दीवारों में भी बड़ी-बड़ी दरारें पड़ चुकी हैं. इन दरारों को छिपाने के लिए कुछ स्थानों पर सीमेंट-रेत भर दिया गया, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है. ग्रामीणों को आशंका है कि यदि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो दीवार कभी भी ढह सकती है. उधर, पलपुरा गांव स्थित क्वारी नदी के रपटे की स्थिति भी बेहद खराब है. रपटे की एक दीवार ढह चुकी है और सड़क पर बड़े गड्ढे बन गए हैं.

बारिश में बढ़ा हादसे का खतरा

बरसात के दौरान रपटे के ऊपर से पानी बहता है, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है. सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि रपटे के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग भी नहीं लगी है. ऐसे में यदि कोई वाहन अनियंत्रित हो जाए या ओवरटेक करने की कोशिश करे तो सीधे नदी में गिर सकता है. ग्रामीणों का कहना है कि जिले में ऐसे कई पुल और पुलियाएं क्षतिग्रस्त हैं, लेकिन जिम्मेदार विभाग समय रहते उनकी मरम्मत नहीं करा रहा है.

ये भी पढ़ें-Morena News: ई-टोकन व्यवस्था पर भारी खाद गोदाम की मनमानी, किसानों से अधिक कीमत वसूलने का आरोप

गड़बड़ी मिलने पर ठेकेदार पर होगी कार्रवाई

जिला पंचायत सीईओ कमलेश कुमार भार्गव ने कहा कि बिंडवा पुल की स्थिति की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी की टीम को मौके पर भेजा जाएगा. यदि जांच में निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन पाया गया तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

ज़रूर पढ़ें