दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल पर आया मेल
दिलजीत दोसांझ (File Photo)
Diljit Dosanjh Indore Concert: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है. ग्वालियर हाईकोर्ट की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर धमकी भरा मेल आया है. 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट का मंच IED से उड़ाने की धमकी दी गई है. धमकी के बाद ग्वालियर पुलिस और भोपाल एसटीएफ अलर्ट हो गई है. धमकी भरे मेल में 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई है.
पुलिस ने जांच शुरू की
मेल मिलते ही हाईकोर्ट प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी. ग्वालियर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. भोपाल एसटीएफ को भी अलर्ट किया गया है. शुरुआती जांच में विदेशी नेटवर्क का IP एड्रेस सामने आया है. पुलिस और साइबर एक्सपर्ट्स ई-मेल भेजने वाले की तलाश में जुटे हैं. यह पता लगाया जा रहा है कि मेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन है. इंदौर पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है, ताकि कॉन्सर्ट स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा सके.
15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट
इंदौर में 15 नवंबर को दिलजीत दोसांझ का बड़ा कॉन्सर्ट होने वाला है, जिसमें हजारों की संख्या में फैंस के पहुंचने की उम्मीद है. इसी बीच प्रशासन ने बड़ा एक्शन लिया है. प्रशासन ने कॉन्सर्ट में 4 गानों पर रोक लगा दी है. कॉन्सर्ट को लेकर बाल संरक्षण अधिकारी ने C-21 मॉल के प्रबंधन को पत्र लिखकर निर्देश दिए हैं.
4 गानों पर प्रशासन की रोक
दिलजीत दोसांझ का इस समय आरा इंडिया शो चल रहा है. भारत में दिलजीत का इस टूर का दूसरा शो है. दिलजीत के इस कॉन्सर्ट को लेकर शिकायत हुई, जिसके बाद अब प्रशासन द्वारा जारी एक पत्र में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का हवाला देते हुए अधिकारी ने आदेश का पालन करने और कॉन्सर्ट में 4 गाने नहीं गाने देने के निर्देश दिए हैं.
प्रशासन द्वारा जारी किए गए पत्र में लिखा है कि C-21 मॉल में हाेने जा रहे दिलजीत दोसांझ के इस कार्यक्रम में 5 साल से बड़े बच्चे भी आ सकते हैं. ऐसे में गानों के बोल बच्चों पर गलत असर डाल सकते हैं. इस पत्र की एक कॉपी इंदौर कलेक्टर, संबंधित राजस्व अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक और विजय नगर थाना प्रभारी को भेज दी गई है.



