ग्वालियर पुलिस का अनोखा मिशन, ‘लड्डू गोपाल’ को खोजने निकली 3 थानों की पुलिस, SIT की टीम भी गठित
लड्डू गोपाल की तस्वीर
Gwalior: इन दिनों ग्वालियर पुलिस एक अनोखे मिशन पर हैं. अक्सर पुलिस चोर, उचक्के और अपराधियों को पकड़ने का काम करती है लेकिन ग्वालियर पुलिस जगतपालक लड्डू गोपाल को खोजने में जुटी हुई है. ऐसा पहली बार हो रहा है कि पुलिस किसी चोर-अपराधी को नहीं बल्कि पिछले पांच माह से गुम हुए लड्डू- गोपाल का पता लगाने में जुटी हुई है. इस मिशन के लिए तीन थानों की पुलिस को मिलाकर एक एसआईटी की टीम का गठन किया गया है.
विजया शर्मा और उनका पूरा परिवार कृष्ण भक्त
दरअसल सिटी सेंटर स्थित अल्कापुरी निवासी विजया शर्मा और उनका पूरा परिवार कृष्ण भक्त है. वह हमेशा अपने साथ भगवान लड्डू-गोपाल को लेकर चलती थीं. ये लड्डू-गोपाल उन्हें उनकी नानी ने दिए थे. 29 जनवरी को वह बहन के साथ बाजार गई थीं. कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत छापाखाने के पास सब्जी मंडी में वह सब्जी खरीद रही थीं। इसी दौरान लड्डू-गोपाल गुम हो गए.
परिवार के सबसे लाड़ले सदस्य हैं
तभी से वह अपने आराध्य को खोज रही हैं. विजया का कहना है कि वह सिर्फ प्रतिमा नहीं बल्कि उनके परिवार के सबसे लाड़ले सदस्य हैं. विजया कई बार थाने गईं, लड्डू-गोपाल नहीं मिले. कहते हैं- सच्ची भक्ति के आगे भगवान भी पिघल जाते हैं. जब युवती आंख में आंसू लिए आइजी अरविंद सक्सेना के पास पहुंची तो वह भी भावुक हो गए.
सीएसपी किरण अहिरवार ने एसआइटी गठित की
उन्होंने इसे खोई हुई वस्तु की तरह नहीं बल्कि भक्ति के भाव को देखा और एसआईटी गठित करने के आदेश दे दिए. इस मामले में सीएसपी किरण अहिरवार ने एसआइटी गठित कर दी है. इसमें कोतवाली थाना प्रभारी के नेतृत्व में कोतवाली, जनकगंज और माधोगंज थाने के छह पुलिसकर्मियों को लड्डू-गोपाल को ढूंढने की जिम्मेदारी दी है.
ये भी पढ़ें: MP News: उफनते नदी-नालों के बीच जान हथेली पर रखकर ग्रामीण कर रहे सफर, स्कूल पहुंचने के लिए मौत का जोखिम उठा रहे बच्चे